कोरोना महामारी के गहराते संकट के बीच देश के चार लोकसभा और 13 विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव हुए थे। सभी सीटों के लिए रविवार को हुई मतगणना में भाजपा को छह पर जीत मिली। इनमें बेलगांव लोकसभा सीट भी है। जबकि आंध्र की तिरुपति लोकसभा और तेलंगाना की नागार्जुन सागर विधानसभा सीट पर भाजपा की जमानत जब्त हो गई। वहीं, कांग्रेस को चार विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर जीत हासिल हुई है।
राजस्थान: कांग्रेस ने दो और भाजपा ने एक सीट पर मारी बाजी
राजस्थान में विधानसभा की तीन सीटों के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने दो और भाजपा ने एक सीट पर जीत हासिल की है। सहाड़ा (भीलवाड़ा) से कांग्रेस प्रत्याशी गायत्री देवी और सुजानगढ़ (चुरू) से कांग्रेस के मनोज कुमार मेघवाल जीते। वहीं, राजसमंद सीट पर भाजपा उम्मीदवार दीप्ति माहेश्वरी ने जीत दर्ज की। इन तीनों ही सीटों पर दिवंगत विधायकों के संबंधी जीते हैं। सुजानगढ़ सीट से जीते मनोज कुमार दिवंगत विधायक मास्टर भंवरलाल मेघवाल के बेटे हैं। सहाड़ा सीट से जीतीं गायत्री देवी इसी सीट से दिवंगत विधायक कैलाश त्रिवेदी की पत्नी और राजसमंद सीट से जीती दीप्ति माहेश्वरी दिवंगत विधायक किरण माहेश्वरी की बेटी हैं। भंवरलाल मेघवाल, कैलाश त्रिवेदी और किरण माहेश्वरी का निधन होने के कारण ही ये तीनों सीटें खाली हुई थीं।
आंध्र प्रदेश: तिरुपति लोकसभा सीट वाईएसआर कांग्रेस के खाते में, भाजपा की जमानत जब्त
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस ने तिरुपति (एससी) लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) को 2.70 लाख से ज्यादा मतों के अंतर से हराया है। वाईएसआर कांग्रेस के उम्मीदवार एम गुरुमूर्ति ने तेदेपा उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री पनबाका लक्ष्मी को शिकस्त दी। वहीं, भाजपा उम्मीदवार और पूर्व आईएएस अधिकारी के रत्ना प्रभा महज 5.16 प्रतिशत वोट पाने में कामयाब रहीं। उनकी जमानत जब्त हो गई।
तमिलनाडु: कन्याकुमारी लोकसभा सीट कांग्रेस जीती
तमिलनाडु की कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के विजयकुमार उर्फ वसंत ने भाजपा के राधाकृष्णन पी को एक लाख से ज्यादा मतों से हराया।
केरल: मलप्पुरम लोकसभा सीट मुस्लिम लीग जीती
केरल की मलप्पुरम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय मुस्लिम लीग के अब्दुस्समद समदानी ने माकपा के वीपी सानू को एक लाख से ज्यादा मतों से हराया।
उत्तराखंड: सल्ट सीट से जीती भाजपा
उत्तराखंड के अल्मोड़ा की सल्ट विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। विधायक सुरेंद्र सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। यहां से महेश जीना को जीत हासिल हुई है। वह दिवंगत सुरेंद्र सिंह जीना के भाई हैं।
एमपी: दमोह सीट कांग्रेस के खाते में
मध्य प्रदेश में कांग्रेस के अजय कुमार टंडन ने दमोह विधानसभा सीट जीत ली है। उन्होंने भाजपा के राहुल सिंह को 15,688 वोटों से हराया।
तेलंगाना: टीआरएस ने बचाई नागार्जुन सागर सीट
तेलंगाना में सत्तारूढ़ टीआरएस ने नागार्जुन सागर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में 18,000 वोटों से जीत ली है। टीआरएस उम्मीदवार नोमुला भगत को 89,804 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के के जना रेड्डी को 70,932 वोट ही मिल पाए। भाजपा की यहां जमानत ही जब्त हो गई।