कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलीन कुमार कतील के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष के बयान का पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने विरोध किया है। येदियुरप्पा ने कहा कि उनकी भाषा मर्यादित नहीं है।
राहुल गांधी को ड्रग एडिक्ट और पेडलर बताकर कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलीन कुमार कतील ने एक नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के इस बयान पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने भी विरोध जताया है। येदियुरप्पा ने कहा है कि किसी को भी इतनी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। विजयपुरा जिले में उपचुनाव के लिए एक सभा को संबोधित करते हुए येदियुरप्पा ने कहा, 'राहुल गांधी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की भाषा मर्यादित नहीं है। किसी को भी अपमानजनक भाषा नहीं बोलनी चाहिए।
विज्ञापन
दो दिन पहले ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कतील ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि 'राहुल गांधी कहते हैं कि वह कांग्रेस अध्यक्ष बनेंगे। मुझे बताइए राहुल गांधी क्या हैं? राहुल एक ड्रग एडिक्ट और ड्रग पेडलर हैं। मैं ये नहीं कह रहा, ये न्यूज रिपोर्ट्स में आया था। ये कांग्रेस पार्टी चलाने में अक्षम हैं। जो लोग एक पार्टी नहीं चला सकते, वे इस देश को कैसे चलाएंगे?'
कुमारस्वामी और सिद्धारमैया पर बरसे येदियुरप्पा
हालांकि, येदियुरप्पा ने बाद में एचडी कुमारस्वामी और सिद्धारमैया पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की आलोचना करने के लिए जमकर निशाना साधा। येदियुरप्पा ने कहा, 'कुमारस्वामी और सिद्धारमैया बेवजह आरएसएस का नाम चुनावी सभाओं में घसीट रहे हैं। जनता उपचुनाव में विपक्ष को जवाब देगी।'