राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता ने कहा, राहुल गांधी कागजी शेर हैं। उन्हें स्थानीय राजनीति की समझ नहीं है। राहुल गांधी 'बब्बर शेर' नहीं हैं, वे सिर्फ एक कागजी शेर हैं।
तेलंगाना विधानसभा चुनावों को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। अपनी-अपनी जीत का दावा करते हुए पार्टी के नेताओं ने राज्य चुनावी रैलियों को संबोधित किया। कांग्रेस की जीत पर भरोसा जताते हुए राहुल गांधी भी तेलंगाना के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी राज्य में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के बीच एक-दूसरे पर जमकर कटाक्ष किए जा रहे हैं। जहां एक तरफ राहुल गांधी ने बीआरएस की सरकार को भ्रष्ट करार दिया था। जिसके बाद से मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव की बेटी और बीआरएस एमएलसी के. कविता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला किया।
विज्ञापन
के. कविता बोलीं, राहुल गांधी कागजी शेर
राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, राहुल गांधी कागजी शेर हैं। उन्हें स्थानीय राजनीति की समझ नहीं है। राहुल गांधी 'बब्बर शेर' नहीं हैं, वे सिर्फ एक कागजी शेर हैं। क्योंकि कोई भी उन्हें कुछ भी लिखकर देगा, वही एकमात्र चीज है, जिसे वह पढ़ेंगे और लेकर चले जाएंगे। वह इस क्षेत्र की स्थानीय परंपराओं या संस्कृति की समझ नहीं रखते हैं। वहीं राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए हुए कहा, कृपया तेलंगाना आएं, लेकिन सार्वजनिक रूप से आप जो कह रहे हैं उसकी समीक्षा करें। उन्होंने कहा, ध्यान रहे तेलंगाना सबसे ज्यादा राजनीतिक जागरूकता वाला राज्य है क्योंकि हमने अपने राज्य के लिए लड़ाई लड़ी। हमने अपने राज्य के लिए अपनी जान दे दी।
डोसी को लेकर कांग्रेस-बीआरएस का एक-दूसरे पर कटाक्ष
बीआरएस नेता के. कविता ने राहुल गांधी पर बोलते हुए कहा, अगली बार आप जब भी राज्य में आए तो डोसा स्टॉल में डोसा खाने के बजाए शहीद मां के पास जाएं। आपको उनके दर्द का पता चलेगा। आपको तेलंगाना का मुद्दा समझ आएगा। बता दें कि राहुल गांधी अपने तीन दिवसीय दौरे पर तेलंगाना पहुंचे थे। जहां उन्होंने एक दुकान पर पहुंचकर डोसा खाया। जिस पर के. कविता का बयान सामने आया है।
विज्ञापन
भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने नौ अक्तूबर को घोषणा की थी कि तेलंगाना विधानसभा चुनाव 30 नवंबर को होंगे। वहीं वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी। तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा, सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने वाला है।