के. कविता
- फोटो : ANI
सोमवार को बीआरएस नेता के कविता ने कांग्रेस की 'छह गारंटी' घोषणा पर खरी-खोटी सुनाई है। उन्होंने बताया कि तेलंगाना में कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड खराब है। कांग्रेस 60 वर्षों तक सत्ता में रही। इस दौरान उन्होंने जितनी भी योजनाएं राज्य के लोगों के लिए शुरू की, वह उनतक पहुंच ही नहीं पाई।
'कांग्रेस का रिकॉर्ड भ्रष्टाचार और पलायन का रहा'
कांग्रेस पर आरोपों की झड़ी लगाते हुए बीआरएस नेता कविता ने कहा, 'आमतौर पर लोग राजनीतिक दलों की बात करते हुए,उनके ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हैं। राज्य में पहले से ही कांग्रेस का रिकॉर्ड खराब रहा है। उनका रिकॉर्ड तो धोखेबाजी, भ्रष्टाचार और पलायन का ही रहा है।'
बता दें तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने रविवार को 'छह गारंटी' की घोषणा की। जिसके तहत महिलाओं को 2,500 रुपये प्रतिमाह और 500 रुपये में गैस सिलेंडर, सभी घरों में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा शामिल है।
'कांग्रेस के कारण ही युवाओं ने गंवाई जान': के कविता
राहुल गांधी द्वारा चंद्रशेखर राव सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने पर बीआरएस नेता कविता ने कहा, 'उन्हें पहले अपने भीतर झांकना चाहिए। कालेश्वर परियोजना में एक लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ था,जिसकी कुल लागत ही केवल 80,000 करोड़ रुपये थी।'
साथ ही उन्होंने कहा, 'अतीत की कांग्रेस सरकारों ने ही तेलंगाना का आंध्र प्रदेश में विलय किया था। यहां तक कि राज्य के गठन में भी कांग्रेस ने देरी की थी। जिसके चलते राज्य गठन की मांग के कारण कई युवाओं ने जान गंवाई थी।'