पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आने वाला देश नहीं है। लगातार यह बम धमाके हो रहे हैं। ताजा मामला बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा का है। यहां बम धमाके में चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई, जबकि करीब डेढ़ दर्जन लोग इसके शिकार हो गए।
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के एक आत्मघाती हमलावर ने रविवार को देश के अशांत बलूचिस्तान प्रांत को दहला दिया। इस आत्मघाती हमले में कम से कम चार सुरक्षाकर्मी मारे गए और 20 लोग घायल हो गए। एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। क्वेटा के पुलिस उप महानिरीक्षक अजहर अकरम ने कहा कि हमले में प्रांतीय राजधानी क्वेटा में मस्तुंग रोड पर फ्रंटियर कोर (एफसी) चेक पोस्ट को निशाना बनाया गया।
विज्ञापन
अकरम ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी मोटरसाइकिल को फ्रंटियर कॉर्प्स को ले जा रहे वाहन से भिड़ा दिया। बम निरोधक दस्ते ने अनुमान लगाया है कि मोटरसाइकिल छह किलोग्राम विस्फोटक से लदी थी।
अकरम ने पुष्टि की है कि विस्फोट में चार लोग मारे गए हैं, जबकि हमले में 18 सैनिक और 2 अन्य समेत 20 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है और हताहतों की संख्या बढ़ सकती है। बलूचिस्तान के आतंकवाद विरोधी विभाग के अनुसार, विस्फोट एक आत्मघाती हमला था और सोना खान चेक पोस्ट के पास किया गया था।
विज्ञापन
प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। माना जा रहा है कि यह एक इशारा है कि काबुल में सरकार बदलने से पाकिस्तान का संकट खत्म नहीं हो सकता। सुरक्षा बलों के मुताबिक, हमले में जिस वाहन को निशाना बनाया गया, वह प्रांत के हजारा समुदाय के सब्जी विक्रेताओं को सुरक्षा मुहैया करा रहा था। हमले की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री इमरान खान ने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।