मुंबई के वर्ली इलाके में आज सुबह तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई। कार को मिहिर शाह चला रहा था। पुलिस को शक है कि मिहिर घटना के समय नशे में था। आरोपी अभी फरार है। उसे ढूंढने के लिए पुलिस ने छह टीमें बनाई हैं। वहीं, गिरफ्तारी के बाद मिहिर के पिता राजेश और चालक राजेंद्र सिंह को मेडिकल के लिए ले जाया गया।
आरोपी महाराष्ट्र के पालघर जिले के राजनेता राजेश शाह का बेटा है। राजेश शाह और उनके चालक राजेंद्र सिंह बिजावत को पुलिस के साथ सहयोग न करने के लिए शाम को गिरफ्तार किया गया और कल उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से गाड़ी चलाने और सबूत नष्ट करने समेत अन्य धाराओं के तहत भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों को भी लागू किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कार मिहिर शाह के नाम पर पंजीकृत है। दुर्घटना के समय मिहिर और उसका चालक कार में था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिहिर शाह ने बीती रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर जाते समय उसने चालक से उसे लॉन्ग ड्राइव पर ले जाने को कहा। कार वर्ली आई तो मिहिर ने जोर देकर कहा कि वाहन को वह चलाएगा। इसके बाद तेज रफ्तार कार ने कुछ देर बाद एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी।
दोपहिया वाहन पर कावेरी नखवा और उनके पति प्रदीप नकवा सवार थे। जो वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके के निवासी थे। दंपति मछुआरा समुदाय से थे। सुबह जब वे दोपहिया वाहन से काम पर जा रहे थे, तभी बीएमडब्ल्यू कार उनके वाहन से टकरा गई। इसके बाद दोनों हवा में उछल गए। कार का बोनट क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद कार ने कावेरी को कुचल दिया। फिर आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके पति प्रदीप को मामूली चोटें आईं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मिहिर ने अपने पिता को फोन किया और दुर्घटना के बारे में बताया। तब से उनका फोन बंद है। पुलिस की चार टीमें मिहिर की तलाश कर रही हैं। पुलिस की जांच में सबूतों को मिटाने की कोशिशों का भी खुलासा हुआ है। कार के शीशे पर एक पार्टी का स्टिकर लगा हुआ है, जिसे छिपाने के लिए खरोंच दिया गया। दुर्घटना के बाद कार की एक नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी। लेकिन पुलिस ने वाहन को क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज से स्कैन कर लिया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, मैंने पुलिस से बात की है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।