पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह की जगह कांग्रेस द्वारा चुने गए नए सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को लेकर भाजपा ने रविवार को करारा वार किया। भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने तीन वर्ष पहले सामने आए एक महिला आईएएस अधिकारी को भद्दा संदेश भेजने से जुड़े मी-टू केस का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्हें सीएम चुनने पर तंज करते हुए राहुल गांधी को शाबासी दी।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस छोड़ देनी चाहिए, जिसने उन्हें अपमानित किया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए को सत्ता में लाने के लिए वे काम आ सकते हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए आठवले ने कहा कि मैं अमरिंदर से पूछना चाहता हूं कि ऐसी पार्टी में रहने का क्या फायदा जिसने आपको अपमानित किया है। मैं उनसे कांग्रेस पार्टी छोड़ने और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने का अनुरोध करता हूं। उन्होंने कहा कि एनडीए में सभी का बराबर सम्मान है।