पश्चिम बंगाल विधानसभा का चुनाव नजदीक आ गया है। राज्य में 27 मार्च से आठ चरणों में चुनाव होंगे। इससे पहले चुनावी बहसबाजी का सिलसिला जारी है। एक ओर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भाजपा को 'बाहरी' बता रही है तो वहीं अब भाजपा ने भी 'दीदी' यानी ममता सरकार पर तगड़ा पलटवार किया है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पूछा है कि क्या सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव बंगाल से हैं?
दीदी की एकमात्र समस्या मोदी है और यह हर कोई जानता है
राजद नेता तेजस्वी यादव ने बीते सोमवार को नबन्ना के कार्यालय में ममता बनर्जी से मुलाकात की। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी उनका समर्थन किया है। उधर, बुधवार को भाजपा की बंगाल इकाई ने ट्वीट कर दीदी से पूछा, आपके मुताबिक भाजपा बाहरी है, लेकिन क्या आरजेडी, एसपी और एनसीपी बंगाल से हैं, जो आपको समर्थन दे रहे हैं? दीदी आपकी एकमात्र समस्या मोदी है और यह हर कोई जानता है।'
मुलाकात का दौर जारी
इससे पहले बीते माह यानी फरवरी में राजद के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी से कोलकाता में मुलाकात की थी। वहीं, टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने दिल्ली में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के साथ बातचीत की।
टीएमसी डरती है और अच्छी तरह जानती है कि वह चुनाव हारने वाली है
उधर, बंगाल में भाजपा के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, मुख्यमंत्री और उनके भतीजे भाजपा को बाहरी व्यक्ति कहते रहे हैं। लेकिन अब वे भाजपा का मुकाबला करने के लिए अन्य दलों को बंगाल में आमंत्रित कर रहे हैं। क्या वे बाहरी नहीं हैं? दरअसल टीएमसी डरती है और अच्छी तरह जानती है कि वह इस चुनाव को हारने वाली है।
गुजरात के लोग बंगाल पर शासन नहीं करेंगे
गौरतलब है कि हाल ही में टीएमसी प्रमुख ने कहा था, 'गुजरात के लोग बंगाल पर शासन नहीं करेंगे, तृणमूल कांग्रेस बंगाल पर शासन करेगी।' टीएमसी प्रमुख का यह बयानखास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर था।
तेजस्वी के बाद अखिलेश का ममता को समर्थन
बता दें कि तेजस्वी यादव के बाद अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बंगाल चुनाव में ममता बनर्जी को समर्थन दिया है। बीते दिनों सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि भाजपा को रोकने के लिए हमने बंगाल में ममता बनर्जी को नैतिक समर्थन दिया है। इससे पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी ममता बनर्जी के समर्थन का एलान किया।