देश में आम चुनावों के साथ ही चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होना है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और आंध्र प्रदेश में एक चरण में मतदान होंगे, जबकि ओडिशा में विधानसभा चुनाव चार चरणों में होगा। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनावों के लिए प्रत्याशियों की अपनी पांचवी सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने सिक्किम की 14 विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही भाजपा ने राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया था।
इन्हें यहां से दिया टिकट
भाजपा ने अपर बुर्टुक से दिल्ली राम थापा, मानेबंग डेंटाम से नरेंद्र कुमार सुब्बा, योकसम-ताशीडिंग से किनझोंग शेरप भूटिया, यांगथांग से सैंचम लिंबो, रिंचेनपोंग से सैंचो लेप्चा, सोरेंग-चाकुंग से पूर्णा सिंह सुब्बा, सालघरी जूम से पहलमान कामी, बरफंग से ताशी दादुल भूरिया, पोकलोक कामरांग से अर्जुन राय, गेथांग मचौंग से संगय ग्यात्सो भूटिया, अरिथांग से उदय गुरांग, काबी लुंगचोक से उगैंन नेधुप भूटिया, सांगा से तेस्तीन ताशी भूटिया को चुनावी मैदान में उतारा है।
भाजपा ने कल ही किया था अकेले चुनाव लड़ने का एलान
गौरतलब है कि भाजपा ने कल ही सिक्किम में लोकसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ने का एलान किया था। राज्य में सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के साथ अपना गठबंधन तोड़ने का एलान करते हुए भाजपा ने कहा था कि लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा चुनाव में भी एसकेएम के साथ गठबंधन नहीं होगा।
सिक्किम का सियासी समीकरण
2019 के विधानसभा चुनावों पर नजर डाली जाए तो सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों में से सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा को 17 और सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट को 15 सीटें मिली थी। तब भाजपा को दो प्रतिशत से भी कम वोट मिले थे। एसडीएफ से दलबदल कर भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों की संख्या अचानक 10 हो गई। इसके बाद एसकेएम और भाजपा ने चुनाव बाद गठबंधन का फैसला लिया।
एकमात्र राज्यसभा सीट भी भाजपा की झोली में गई
एसडीएफ के दो विधायकों ने एसकेएम का दामन थामा था। इससे उसकी सीटों की संख्या 19 तक पहुंच गई। बाद में कराए गए विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने दो सीटें जीतीं। इससे कुल विधायकों की संख्या 12 हो गई। सिक्किम में पैर जमा रही भाजपा को एकमात्र राज्यसभा सीट जीतने में भी सफलता मिली। इसी साल जनवरी में डीटी लेप्चा राज्यसभा सदस्य बने। वर्तमान में प्रेम सिंह तमांग सिक्किम के मुख्यमंत्री हैं।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए 19 अप्रैल को होगा मतदान
सिक्किम में विधानसभा की कुल 32 सीट और लोकसभा की एक सीट है। राज्य में विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए मतदान एक साथ 19 अप्रैल को होगा। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है, नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च को होगी और नामांकन वापस लेने की तारीख 30 मार्च है। 32 विधानसभा सीटों के लिए वोटों की गिनती 2 जून को और एकमात्र लोकसभा सीट के लिए 4 जून को होगी।