उत्तरी गोवा की वालपोई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नड्डा ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की अगुवाई वाली सरकार के प्रदर्शन की सराहना की। यहां मुख्यमंत्री सावंत के साथ केंद्रीय मंत्री श्रीपद नायक और स्थानीय विधायक विश्वजीत सिंह राणे भी मौजूद रहे।
नड्डा ने टीएमसी को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर हम महिलाओं के खिलाफ अपराधों को देखें, बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखें और कुल अपराध दर को देखें तो पश्चिम बंगाल में ये सब मौजूद हैं। वहीं, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी की सरकार पर उन्होंने केवल विज्ञापन की राजनीति करने का आरोप लगाया।
नड्डा ने इस दौरान गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मनोहर परिकर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि मनोहर परिकर ने गोवा के लोगों की जीवनशैली में विकास का सपना देखा था। मुझे याद है कि जब अपने अंतिम समय में वह बीमारी से लड़ रहे थे तब उन्होंने लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर अटल सेतु पुल का निरीक्षण किया था और कहा था 'हाऊ इज दि जोश'।
भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मनोहर परिकर के नक्शेकदम पर चल रहे हैं जिन्होंने गोवा की जनता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उन्होंने कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीके की पहली खुराक की 100 फीसदी कवरेज का महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल करने के लिए गोवा सरकार को बधाई भी दी।
उन्होंने कहा कि जब 2020 में कोविड शुरू हुआ था, अप्रैल में एक टास्क फोर्स का गठन किया गया था और भारत अपनी खुद का टीका विकसित करने के लिए तैयार था। नौ महीने के अंदर प्रधानमंत्री ने देश को दो टीके दिए। अब जो पार्टियां यहां आ रही हैं वो दूसरों से टीकाकरण न करवाने के लिए कहा करती थीं कि इसके ट्रायल ढंग से नहीं हुए हैं।
नड्डा ने आगे कहा कि तब वो इसे 'मोदी टीका' और 'भाजपा का टीका' कहा करते थे। आज सबने टीका लगवा लिया है। मैं पूछता हूं बताएं कि मोदी टीका कैसा था? क्या आपको बीमारी से सुरक्षा मिली? इन लोगों ने जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। प्रधानमंत्री का विरोध करते हुए वह देश की जनता का विरोध करते हैं और अब वोट मांग रहे हैं।