भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा की राजनीति में इतिहास रचते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की है। 58 साल के इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राज्य की 90 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि, जम्मू-कश्मीर में भाजपा को झटका लगा। यहां नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन को जीत मिली। अब इस हार-जीत पर पार्टी के नेताओं ने बात की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को हरियाणा में मिली बंपर जीत का श्रेय दिया।
'विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा हरियाणा में सरकार बनाने में सफल रही'
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, 'नतीजों ने विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सभी सवालों का जवाब दे दिया है। मैं मेरे पीएम मोदी को बधाई देता हूं कि विपरीत परिस्थितियों में भी भाजपा हरियाणा में सरकार बनाने में सफल रही है। मैं अमित शाह और जेपी नड्डा को भी बधाई देता हूं। हरियाणा की जीत किसानों, युवाओं, जवानों और संविधान की जीत है। चुनाव परिणामों ने उन लोगों को करारा जवाब दिया है, जो आरक्षण और संविधान पर भाजपा के नजरिये पर सवाल उठाते हैं।'
ईवीएम को लेकर क्या बोले पासवान?
हरियाण विधानसभा चुनाव में हार के लिए कांग्रेस द्वारा ईवीएम को दोषी ठहराए जाने पर उन्होंने कहा, 'कांग्रेस की सहयोगी नेशनल कांफ्रेंस को भी ईवीएम पर ऐसे आरोप लगाने चाहिए। एक समय में दो राज्यों में चुनाव होते हैं। जब नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आते हैं तो सब कुछ ठीक रहता है, लेकिन जब नतीजे उनके पक्ष में नहीं आते तो कहते हैं कि यह सिस्टम की जीत है, लोकतंत्र की हार है। यह सोच बहुत गलत है। जब तक कांग्रेस हार स्वीकार नहीं करती और आत्ममंथन नहीं करती, तब तक ऐसी चुनावी हार होती रहेगी।'
महाराष्ट्र के सीएम ने मोदी को दी बधाई
जम्मू-कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'हरियाणा चुनाव की जीत (भाजपा के लिए) एक बड़ी जीत है। मैं हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और पीएम मोदी के लोगों को बधाई देता हूं। मोदी तीसरी बार पीएम बने और भाजपा ने हरियाणा में भी लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। भाजपा, एनडीए और आरएसएस के पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसके लिए कड़ी मेहनत की है। कांग्रेस के अंहकार को चूर-चूर कर दिया।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब कांग्रेस आगे चल रही थी तो वे जश्न मना रहे थे, जब वे हारने लगे तो उन्होंने ईवीएम को दोषी ठहराया, यह उनका दोगली बाते हैं। लोगों ने मन बना लिया है कि जहां भी डबल इंजन की सरकार है, वहां केंद्र सरकार की मदद से राज्य में विकास हो रहा है। यहां (महाराष्ट्र में) महाविकास अघाड़ी के नेता कह रहे हैं कि कांग्रेस अहंकार में थी। कांग्रेस फर्जी बैर फैला रही थी और वे जातियों के बीच दुश्मनी फैला रहे थे। जो अभिमानी हैं- रावण में भी यह अहंकार था और वह हार गया था। नकली कथाएं हर समय काम नहीं करती हैं। जिस तरह से हरियाणा में विकास की नीति की जीत हुई, वैसी ही चीजें महाराष्ट्र में भी होंगी। हम राज्य में हमारे द्वारा किए गए कार्यों को लोगों के सामने रखेंगे। लोग इसे देखेंगे और फिर से महायुति सरकार को सत्ता में लाएंगे।'
भाजपा राष्ट्रीय हित के लिए प्रतिबद्ध: तरुण चुघ
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, 'मैं जम्मू-कश्मीर के उन लाखों लोगों को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने बहिष्कार की राजनीति छोड़कर मतदान को स्वीकार किया है। साथ ही पीएम मोदी की विकास तथा विश्वास की राजनीति पर मुहर लगाई है। जम्मू-कश्मीर के लोगों ने पीएम मोदी को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने भाजपा को नेशनल कांफ्रेंस की तुलना में 1,26,000 अधिक वोट दिए हैं और कांग्रेस को भाजपा के आधे वोट भी नहीं मिल सके। हमें 29 सीटें मिली हैं, जो ऐतिहासिक है। भाजपा राष्ट्रीय हित के लिए प्रतिबद्ध है और वह जम्मू-कश्मीर में इसके लिए खड़ी रहेगी।'