भाजपा नेता किरीट सोमैया (फाइल फोटो)
- फोटो : Facebook
मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया ने एनसीपी और शिवसेना पर निशाना साधा है। किरीट सोमैया ने एक अखबार की कटिंग शेयर करते हुए लिखा है कि- 'अनिल देशमुख गिरफ्तार हो चुके हैं। अब अन्य नेताओं की बारी है। बेटा, दामाद, साझेदार और अनिल परब समेत शिवसेना और एनसीपी नेताओं तक वसूली फंड पहुंचता था।' दरअसल, मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अनिल देशमुख सीबीआई और ईडी के निशाने पर आ गए थे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
देशमुख के बेटे से भी होगी पूछताछ
मनी लॉन्ड्रिंग केस की आंच अनिल देशमुख के बेटे ऋषिकेश देखमुख तक आ पहुंची है। देशमुख की गिरफ्तारी के बाद ईडी ने उनके बेटे ऋषिकेश को भी समन भेजा है। उन्हें शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि केस से जुड़े मामले की पूछताछ ईडी उनके बेटे से करेगी।
परमबीर सिंह ने लगाए थे गंभीर आरोप
मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह के खिलाफ रिश्वतखोरी और अवैध वसूली का मामला खुला था। इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि अनिल देशमुख ने गृह मंत्री रहते हुए सचिन वाझे के माध्यम से हर महीने 100 करोड़ रुपये देने की मांग की थी। इसके बाद से ही अनिल देशमुख भी जांच के दायरे में आ गए और सीबीआई ओर ईडी इस मामले की जांच कर रही है। देशमुख केा पिछले सप्ताह ही गिरफ्तार किया गया था।