केरल के पलक्कड़ से कांग्रेस विधायक राहुल ममकूट्टाथिल पर अभिनेत्री और मॉडल रिनी एन जॉर्ज और लेखिका हनी भास्करन के उत्पीड़न के आरोप लगे हैं। इस पर विपक्ष के भारी दबाव के बीच विधायक राहुल ने बृहस्पतिवार को केरल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, भाजपा ने उनसे विधायक पद से इस्तीफा देने की मांग की है। भाजपा नेता वी. मुरलीधरन का कहना है कि इतने गंभीर आरोपों के बाद राहुल को विधायक बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
भाजपा नेता वी. मुरलीधरन ने कहा कि केरल के पलक्कड़ से कांग्रेस विधायक पर छेड़छाड़ के कई गंभीर आरोप लगे हैं। जिन लोगों के साथ गलत व्यवहार हुआ, उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व से शिकायत भी की। लेकिन कांग्रेस नेताओं ने विधायक को बचाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वरिष्ठ नेतृत्व दोषियों को बचाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे व्यक्ति को विधायक बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: 'होटल में आने के लिए कहा': दबाव के बाद राहुल ने छोड़ा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद; अभिनेत्री रिनी के दावे पर बवाल
अनूप एंटनी जोसेफ ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना
वहीं, केरल भाजपा के प्रदेश महासचिव अनूप एंटनी जोसेफ ने भी उत्पीड़न से जुड़े आरोपों को लेकर कांग्रेस विधायक राहुल का घेराव किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक राहुल ममकूट्टाथिल ने कई लड़कियों को अश्लील संदेश भेजने का घिनौना कृत्य किया है। कुछ लड़कियों ने यह भी कहा कि उन्होंने उनके साथ छेड़छाड़ की। उन्होंने मामले को लेकर प्रियंका गांधी पर निशाना साधा और कहा कि वह हमेशा कहती हैं कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं', तो सबसे पहले उन्हें अपनी पार्टी में ऐसे अश्लील लोगों के खिलाफ विरोध करना चाहिए। फिर समाज में महान आदर्शों का पाठ पढ़ाना चाहिए।
पिनराई विजयन सरकार से जांच करवाने की मांग
भाजपा नेता जोसेफ ने आगे कहा कि राहुल ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का नाटक किया है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले कांग्रेस को यह निर्णय लेना चाहिए कि वह आरोपी से विधायक पद से भी इस्तीफा दिलवाए। जोसेफ ने कहा कि हम पिनाराई विजयन सरकार से मांग करते हैं कि उनके खिलाफ जांच करवाई जाए और कानूनी कार्रवाई की जाए।
अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने क्या आरोप लगाए
मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने कांग्रेस विधायक राहुल ममकूट्टाथिल पर आपत्तिजनक और अनुचित संदेश भेजने का आरोप लगाया है। साथ ही एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व को भी इस घटना की जानकारी दी थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें: Areca Nut WHO Report Row: सरकार बोली- कैंसर के खतरे का पता लगाएं विशेषज्ञ, जानिए कर्नाटक की इस सुपारी का मामला
‘होटल में आने के लिए कहा’
बीते दिन पत्रकारों से वार्ता करते हुए मलयालम अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया, 'मैं सोशल मीडिया के माध्यम से उस राजनेता के संपर्क में आई थी। उसका अनुचित व्यवहार तीन साल पहले शुरू हुआ था, जब मुझे पहली बार उससे आपत्तिजनक संदेश मिले थे।’ आगे एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उस नेता ने एक 5 स्टार होटल में कमरा बुक करने की भी पेशकश की और उन्हें वहां आने के लिए कहा। हालांकि, तब अभिनेत्री ने नेता या उनकी पार्टी का नाम बताने से इनकार कर दिया।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिकायत की, लेकिन…
अभिनेत्री ने आगे बताया कि इस मामले की शिकायत उन्होंने युवा नेता की पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से की, लेकिन उन सबने इसे नजरअंदाज किया। इसके साथ ही पार्टी के आला अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि उनके बारे में मेरे मन में जो छवि थी, वह चकनाचूर हो गई है। मेरी शिकायत के बाद भी, उन्हें पार्टी में कई प्रमुख पद दिए गए।