पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी और भाजपा के अन्य विधायकों ने आज राजभवन में एक ज्ञापन सौंपा है। वे राज्यपाल सीवी आनंद बोस से उत्तर 24 परगाना जिले के संदेशखाली में शांति बहाल करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, शुभेंदु जब राजभवन पहुंचे, तब राज्यपाल वहां उपस्थित नहीं थे। बता दें कि सीवी आनंद बोस इन दिनों केरल में हैं।
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने राजभवन पहुंचे शुभेंदु अधिकारी
राज्यपाल की अनुपस्थिति में शुभेंदु अधिकारी ने राजभवन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाजपा के विधायकों ने राजभवन के भीतर नारेबाजी भी की। उन्होंने कहा, 'संदेशखाली जल रहा है और ममता हंस रही है।' शुभेंदु ने संदेशखाली में मानवाधिकार के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, 'संदेशखाली एक ऐसी जगह है जहां न्याय-कानून का कोई अस्तित्व ही नहीं है। यहां शेख शाहजहां और उनके सहयोगियों का शासन स्थापित किया गया है।'
स्थानीय महिलाओं ने किया प्रदर्शन
संदेशखाली में धारा 144 लागू किया गया है और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। वहीं स्थानीय महिलाओं ने फरार तृणमूल कांग्रेस के नेता शाहजहां और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए प्रदर्शन कर रहीं है। शनिवार को विरोध प्रदर्शन तेज होने के बाद स्थानीय महिलाएं झाड़ू और डंडा लेकर प्रदर्शन के लिए निकलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि शाहजहां और उनके सहयोगियों ने जबरन उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और उनका यौन उत्पीड़न भी किया। वहीं शेख शाहजहां के समर्थक भी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
एससीआरबी के डीजी सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि रूट मार्च जारी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालात की मांग पूरी होने तक जवान तैनात रहेंगे। कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पिछले महीने राशन वितरण घोटाला मामले को लेकर टीएमसी नेता शाहजहां के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की थी। इस छापेमारी के दौरान शाहजहां के समर्थकों ने ईडी के अधिकारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन अधिकारी घायल हो गए थे। हालांकि, इस घटना के बाद से ही शेख शाहजहां फरार है।