महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा के दिल्ली मुख्यालय में महाराष्ट्र कोर ग्रुप की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम राष्ट्रीय नेता भाग लेने पहुंचे। बताया जा रहा है कि बैठक में महाराष्ट्र में गठबंधन और उम्मीदवारों को लेकर चर्चा की गई। कोर ग्रुप की बैठक के बाद महाराष्ट्र भाजपा के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र कोर कमेटी की बैठक में भाजपा के पास जो सीटें हैं, उन पर चर्चा हुई। अंतिम फैसला केंद्रीय समिति की बैठक के बाद होगा। यह बैठक बुधवार को होगी।
महाराष्ट्र में अगले महीने विधानसभा चुनाव संभावित हैं। इसे लेकर चुनाव आयोग भी संकेत दे चुका है। चुनाव को देखते हुए भाजपा ने भी तैयारी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र में अभी महायुति गठबंधन की सरकार है। इसमें भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल है। महाराष्ट्र में चुनाव को लेकर भाजपा में गठबंधन को लेकर मंथन चल रहा है। शिवसेना और एनसीपी को कितनी सीटें दी जाएं, इसके लिए भी लगातार बैठकों का दौर जारी है। बताया जाता है कि इन्हीं सब मुद्दों पर चर्चा करने के लिए भाजपा मुख्यालय में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में केद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े शामिल हुए।
संबंधित वीडियो