उत्तर प्रदेश की 105 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर चर्चा के साथ ही गोवा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम पर विचार-विमर्श किया। गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की अंतिम सूची 19 जनवरी को घोषित की जाएगी।
अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा रहे मौजूद
इस दौरान बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक, चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी आरपी सिंह और लॉकेट चटर्जी उपस्थित थे। भाजपा कार्यालय में शाम छह बजे शुरू हुई बैठक रात 10 बजे तक चली।
उत्तराखंड चुनाव पर गंभीर चर्चा
उत्तराखंड की राजनीति को ध्यान में रखते हुए तीन नामों का पैनल दिल्ली भेजा गया था, जिस पर रविवार को कोर ग्रुप की बैठक में चर्चा हुई। जिन 70 सीटों पर चर्चा हुई है, उन्हें 19 जनवरी को होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
अबकी बार 60 पार
सूत्रों के मुताबिक 20 से 21 जनवरी तक उत्तराखंड के लिए 70 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। उत्तराखंड की 70 सीटों वाली विधानसभा में फिलहाल भाजपा का 57 विधानसभा क्षेत्रों पर कब्जा है। इस बार पार्टी ने 'अबकी बार 60 पार' का नारा दिया है।
गोवा विधानसभा चुनाव की 40 सीटों पर चर्चा
वहीं रविवार दोपहर को पार्टी ने गोवा विधानसभा की 40 सीटों पर चर्चा की। बैठक में गोवा के सीएम प्रमोद सावंत, चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस, जी किशन रेड्डी सहित संगठन मंत्री मौजूद थे। सीएम प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की अंतिम सूची 19 जनवरी को घोषित की जाएगी।
उत्तराखंड और गोवा में एक ही दिन मतदान
सूत्रों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी इस बार गोवा की 40 विधानसभा सीटों में से 38 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। पार्टी ने ईसाई बहुल दो सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला किया है। उत्तराखंड और गोवा में एक ही दिन 14 फरवरी को मतदान होने वाला है। वर्तमान में दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है। पार्टी के सामने चुनाव में अपनी सत्ता बचाए रखने की चुनौती है।