क्रॉस वोटिंग किन विधायकों ने की?
दरअसल, बहुमत परीक्षण से पहले विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। राजद के खेमे में सत्ता पक्ष ने सेंध लगा दी। राजद के तीन विधायक चेतन आनंद, प्रह्लाद यादव और नीलम देवी सत्ता पक्ष के खेमे में बैठे दिखे। तेजस्वी यादव ने इसका विरोध जताया और कहा यह नियम के खिलाफ है। हालांकि, तीनों विधायक सत्ता पक्ष के साथ न सिर्फ बैठे बल्कि विधानसभा अध्यक्ष के अविश्वास प्रस्ताव और सरकार के विश्वास मत के दौरान सस्ता पक्ष के लिए वोट भी किया।
विश्वास प्रस्ताव पर हुई वोटिंग के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आग्रह के बाद सदन में मतदान कराया गया। सत्ता पक्ष के समर्थन में 129 वोट पर पड़े। राजद समेत महागठबंधन ने वॉकआउट किया। इस तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बहुमत परीक्षण में पास हो गए। सरकार के पास पहले 128 विधायक थे। राजद के तीन विधायकों ने सत्ता पक्ष के लिए मतदान किया जबकि जदयू के विधायक दिलीप राय मतदान से गैर-हाजिर रहे। वहीं, सदन चला रहे उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।