आयोग ने दोनों को आठ नवंबर तक समन का जवाब देने के लिए कहा है। रश्मि शुक्ला इस समय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ( में अतिरिक्त महानिदेशक हैं और हैदराबाद में तैनात हैं। वहीं, परमबीर सिंह इस समय होमगार्ड के निदेशक हैं।
महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक जनवरी 2018 को कोरेगांव-भीमा युद्ध स्मारक के पास हुई हिंसा की जांच कर रहे एक आयोग ने शुक्रवार को मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह और आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला को तलब किया है। महाराष्ट्र सरकार ने एक अन्य मामले में इस हफ्ते की शुरुआत में बॉम्बे हाईकोर्ट को बताया था कि परमबीर सिंह का पता नहीं चल रहा है। आयोग ने कहा कि वह हलफनामा भी दाखिल कर सकते हैं।
विज्ञापन
जांच आयोग के अध्यक्ष न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) जेएन पटेल ने आयोग के अधिवक्ता आशीष सतपुते की ओर से दाखिल एक अर्जी पर यह आदेश जारी किया। इस अर्जी में दोनों आईपीएस अधिकारियों, सिंह और शुक्ला की उपस्थिति की मांग की गई थी। सतपुते ने कहा कि संबद्ध अवधि के दौरान परमबीर सिंह अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) थे, जबकि रश्मि शुक्ला पुणे पुलिस आयुक्त थीं, अत: दोनों को तलब किया जाना चाहए।