बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए कई नेताओं की घर वापसी हो सकती है। इस प्रक्रिया में इन नेताओं को ममता बनर्जी व महासचिव अभिषेक बनर्जी की कसौटी पर खरा उतरना होगा। सूत्रों की मानें तो उन नामों की सूची बनाई जा रही है, जो पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। हालांकि, घर वापसी कराने से पहले यह देखा जाएगा कि चुनाव प्रचार के दौरान इन नेताओं ने अपनी ही पूर्व पार्टी टीएमसी को बदनाम किया था या नहीं।
राजीब बनर्जी व दीपेंदु बिस्वास का नाम सबसे ऊपर
घर वापसी वाले नेताओं में राजीव बनर्जी व फुटबॉलर से सांसद बने दीपेंदु बिस्वास का नाम सबसे ऊपर है। इन दोनों की वापसी का अंतिम निर्णय पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ही लेंगी। टीएमसी में वापसी की अटकलों पर दीपेंदु बिस्वास ने कहा कि मैं कोलकाता फुटबॉल लीग व डूरंड कप में व्यस्त हूं। अभी इसकी कोई जानकारी नहीं है। अगर आगे कोई संभावना बनेगी तो मीडिया को बता दिया जाएगा। पार्टी के राज्य सचिव व प्रवक्ता कुणाल घोष ने बताया कि नामों की सूची तैयार की जा रही है। सभी की प्रारंभिक जांच के बाद ही उन्हें अंतिम निर्णय के लिए भेजा जाएगा।
प्रचंड जीत के बाद ममता ने कहा था भूलों घर लौट आओ
विधानसभा चुनावों में जीत के बाद ममता बनर्जी ने बड़ा दिल दिखाते हुए पार्टी छोड़कर जाने वाले नेताओं से वापसी का आग्रह किया था। दरअसल, ऐसे कई नाम हैं जो पार्टी में टिकट बंटवारे को लेकर नाराज थे। इसमें सबसे पहला नाम सोनाली गुहा का है, जो अब टीएमसी में वापसी करना चाह रही हैं। मनचाही सीट न मिलने पर उन्होंने चुनाव से पूर्व टीएमसी का दामन छोड़ दिया था। वहीं दूसरा नाम सरला मुर्मू का है, वह भी चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गईं थीं।