भाजपा के 'मैं भी चौकीदार' कैंपेन में तमाम पार्टी नेताओं के साथ-साथ अब समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे राज्यसभा सांसद अमर सिंह भी शामिल हो चुके हैं। भाजपा के नेताओं के तर्ज पर अमर सिंह ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर अपने नाम के आगे चौकीदार लगा लिया है।
मालूम हो कि पिछले साल ही अमर सिंह ने ये एलान किया था कि वे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती की जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समर्थन करेंगे। अब ट्विटर पर अपने नाम के आगे चौकीदार जोड़कर वे पूरी तरह भाजपा के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को देश का चौकीदार कहने को लेकर हमेशा से ही कांग्रेस के निशाने पर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी रैलियों में 'चौकीदार चोर है' के नारे लगाते नजर आते थे। इसी के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने चौकीदार कैंपेन का आगाज किया और सबसे पहले ट्विटर पर अपना नाम बदल कर चौकीदार नरेंद्र मोदी कर लिया।
प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में भाजपा नेताओं के अलावा कई लोगों ने भी अपने नाम के साथ चौकीदार जोड़ लिया। इस बीच पूर्व सपा नेता का भाजपा नेताओं की तर्ज पर अपने ट्विटर पर नाम बदलना सुर्खियों में है।