उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर विक्रमजोत के पास सोमवार अलसुबह हुए सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी चालक को पकड़ लिया है।
जानकारी के मुताबिक विक्रमजोत के भदोही ढाबे के पास एनएच-28 पर सोमवार सुबह करीब 3 बजकर 15 मिनट में यह हादसा हुआ। दरअसल प्रयाग डिपो की बस इलाहाबाद से बस्ती आते समय भदोही ढाबे पर खराब हो गई थी। जिसके बाद बस ड्राइवर ने यात्रियों से बस में धक्का लगाने को कहा।
राजबली सिंह ढाबा पर आठ यात्री बस में धक्का लगा रहे थे तभी प्याज से लदे एक ट्राला ने उन्हें पीछे से कुचला दिया। इस हादसे में छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फैजाबाद रेफर कर दिया गया। घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही घटना स्थल पर स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।