अयोध्या में दिसंबर 2023 में राम मंदिर बनकर पूरी तरह तैयार होने की संभावना है। राम मंदिर निर्माण क्षेत्र ट्रस्ट के आंकड़ों के मुताबिक मंदिर बनने के साथ ही करीब सवा लाख से डेढ़ लाख दर्शनार्थी तब रोज अयोध्या में दर्शन के लिए आएंगे। अभी भी 5 अगस्त को राम मंदिर के नींव पूजन बाद से ही राम भक्तों की संख्या अयोध्या में रोजाना पचास हजार से ज्यादा हो गई है।
अयोध्या में बन रहे राम मंदिर के साथ ही शहर में इन्फ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट का काम शुरू हो गया है। खासतौर से मंदिर क्षेत्र में यह काम तेजी से हो रहा है। राम मंदिर निर्माण क्षेत्र के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा कहते हैं कि उनके आकलन के अनुसार जब मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा तो रोजाना सवा लाख से डेढ़ लाख दर्शनार्थी अयोध्या में राम लला के दर्शन करने आएंगे। वह कहते हैं इस वक्त भी शनिवार और रविवार को रामलला के दर्शन करने वालों की संख्या तकरीबन अस्सी हजार के करीब हो जाती है। डॉ. मिश्रा कहते हैं कि मंदिर क्षेत्र के समेत शहर के पूरे विकास का ढांचा आने वाली भीड़ को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
दर्शनार्थियों की हर सुविधा का ध्यान रखा जाएगा
राम मंदिर निर्माण क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक अभी भी अयोध्या में आने वाले लोगों में सबसे ज्यादा लोग बाहरी प्रांतों के होते हैं। इसलिए शहर में उनके रहने से लेकर यातायात के बेहतर बंदोबस्त के लिए लगातार जिला और पुलिस प्रशासन समेत अन्य जिम्मेदार महकमे लगे रहते हैं। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा बताते हैं कि रामलला के दर्शन करने आने वालों के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। खासतौर से विकलांग लोगों के लिए अलग से व्हीलचेयर और उनका अलग से पाथ भी बनाया गया है। वह कहते हैं कि जब मंदिर परिसर का निर्माण हो जाएगा तो यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी कार्ट चलाने के साथ-साथ व्हीलचेयर की न सिर्फ अलग से व्यवस्था होगी बल्कि उसका अलग से रास्ता भी दिया जाएगा। ताकि हर आने जाने वालों के लिए सहूलियत हो सके।
पर्यटकों की संभावित संख्या के लिहाज से यातायात के माध्यम भी तैयार हो रहे हैं। अयोध्या में जल्द ही इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा अयोध्या का रेलवे स्टेशन भी बहुत भव्य तरीके से बनाया जा रहा है। पहले चरण में बनने वाले इस रेलवे स्टेशन पर एक लाख से ज्यादा यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इसे तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा योजना यह भी है कि इस स्टेशन पर इतनी ही संख्या में एक साथ लोग रुक सकें इसका भी बंदोबस्त हो। इसके अलावा अयोध्या में इस वक्त भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है खासतौर से सड़कों का चौड़ीकरण तेजी से हो रहा है।
विकाय योजनाओं से उत्साहित हैं पर्यटक
अयोध्या में दर्शन के लिए आए मध्य प्रदेश के जतिन कहते हैं कि वह यहां चार दिन रुकेंगे। कनक भवन घूमने आए जतिन कहते हैं कि उनकी इच्छा तो भगवान राम के मंदिर के नींव पूजन के साथ ही आने की थी लेकिन कोविड प्रोटोकॉल के चलते वह नहीं आ सके थे। उनके साथ गोंडा से आए दिलीप तिवारी कहते हैं कि उनका अक्सर अयोध्या आना जाना लगा रहता है। उनके कुछ रिश्तेदारों की दुकानें भी अयोध्या में है। दिलीप के मुताबिक यहां बीते कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा बढ़ी है। वो कहते हैं कि अयोध्या में राम मंदिर बनने से न सिर्फ शहर का और जिले का विकास होगा बल्कि पर्यटन के लिहाज से पूरे क्षेत्र का बड़ा विकास होने वाला है। कनक भवन में बैठे पुजारी रामनरेश कोठारी कहते हैं कि नींव पूजन के साथ यहां आने वाले भक्तों की संख्या सत्तर फीसदी से ज्यादा तक बढ़ गई है।