Karnataka: हावेरी की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि पुलिस ने मामले को बंद करने के लिए पीड़िता को पैसे की पेशकश की है। उन्होंने कहा, सरकार को इस घटना की जांच के लिए एसआईटी का गठन करना चाहिए।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्माई ने हावेरी की घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने पीड़िता को पैसे की पेशकश करके दुष्कर्म का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घटना को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
घटना हावेरी जिले के हंगल तालुक में आठ जनवरी हुई थी। एक अंतरधार्मिक जोड़ा होटल में ठहरा हुआ था। छह लोग कथित तौर पर होटल में उनके कमरे में घुसे थे और उन पर हमला कर दिया था। वीडियो सामने आने के बाद दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
बोम्मई ने दावा किया कि हावेरी की पुलिस ने मामले को बंद करने के लिए पीड़िता को पैसे की पेशकश की है। उन्होंने कहा, सरकार को इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करना चाहिए। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कल हावेरी का दौरा करेंगे। भाजपा को उम्मीद है कि वह इस मामले को लेकर बात करेंगे।
विज्ञापन
भाजपा नेता ने दावा किया कि स्थानीय पुलिस को भाजपा के महिला प्रतिनिधिमंडल के हावेरी जाने की सूचना मिली तो वह पीड़िता को सिरसी ले गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की ही सियासत करती रही है। उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है।
छब्बीस वर्षीय पीड़िता के मुताबिक वह अल्पसंख्यक समुदाय से है। घटना आठ जनवरी को हुई। पुलिस ने बताया कि वह दोपहर एक बजे कर्नाटक परिहवन निगम के एक ड्राइवर (40 वर्षीय) के साथ होटल के कमरे में पहुंची थी। जिसके साथ वह पिछले तीन साल से रिश्ते में है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी है। महिला ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया था।
महिला ने यह भी कहा है कि आरोपियों के करीबी लोग उस पर मामला वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उसे लाखों रुपये की पेशकश कर रहे हैं। गिरोह ने होटल में मारपीट की घटना का पूरा वीडियो बनाया था। पुलिस ने बताया कि बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में छह लोग कमरे का दरवाजा खटखटाते दिख रहे हैं। जब आदमी दरवाजे को खोलता है, तो हमलावर अंदर घुसते हैं। उनके लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं। फिर उन पर हमला कर देते हैं। महिला बुर्के से अपना चेहरा ढकने का प्रयास करती है।