पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बेहला थाना इलाके से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। हमलावरों ने एक घर में ऑनलाइन क्लास कर रहे 14 साल के बच्चे और उसकी स्कूल टीचर मां की बेरहमी से चाकू से हत्या कर दी। पति के वापस घर लौटने पर उसे महिला व बच्चे के शव खून से लथपथ मिले। यह घटना सोमवार शाम की है। पुलिस ने मंगलवार को घटना की जानकारी दी थी।
पुलिस ने बताया, कोलकाता के बेहला थाना इलाके से एक बहुमंजिला इमारत की तीसरी मंजिल से दोनों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने इस पूरी घटना में मृत महिला सुष्मिता मंडल (35) के पति तपन मंडल व ट्यूशन टीचर समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पता चला है कि बच्चे को उस समय मौत के घाट उतारा गया जब वह ऑनलाइन क्लास कर रहा था।
स्कूल ड्रेस में ही खून से लथपथ मासूम बच्चे का शव बिस्तर पर पड़ा मिला जबकि महिला का शव जमीन पर था। आशंका जताई जा रही है कि मां- बेटे की एक से ज्यादा हमलावरों द्वारा किचन में इस्तेमाल होने वाले बड़े चाकू से हत्या की गई। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पति-पत्नी के बीच चल रही थी अनबन
पड़ोसियों का कहना है कि बच्चे के पिता के विवाहेतर संबंध थे इसकी वजह से काफी समये से पत्नी से अनबन चल रही थी। लालबाजार स्थित कोलकाता पुलिस मुख्यालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान में बताया गया है कि मां और बेटे के क्षत-विक्षत शव मिले। महिला के पति तपन मंडल पेशे से बैंक कर्मचारी हैं।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, ट्यूशन टीचर जब घर आई थी तो अंदर से दरवाजा बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह वापस चली गई थी। साथ ही जिस फोन पर समरजीत की आनलाइन क्लास चल रही थी वह भी उपलब्ध नहीं है। पड़ोसियों ने कहा कि जब यह घटना घटी, तब चीख-पुकार या हाथापाई की कोई आवाज नहीं आई। यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या शत्रुता के कारण हुई है यह कोई दूसरी वजह है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस पूछताछ में पति की बातों में विसंगति पाई गई है। पुलिस को शक है कि जब शिक्षक पढ़ाने आए थे तो हत्यारा अंदर ही था। क्योंकि तभी अंदर से गेट बंद था और पति ने आकर देखा तो फ्लैट का दरवाजा खुला हुआ था। पुलिस इस मामले में खुलासा करने के लिए स्कूल से भी संपर्क कर रही है। जिससे इस मामले की तह तक पहुंचा जा सके। पुलिस तमाम पहलुओं की जांच में जुटी है।