दुनियाभर की तमाम खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट के आधार पर इस बात का अंदाजा है कि आने वाले दिनों में अफगानिस्तान की राजधानी काबुल समेत और कई प्रमुख शहरों पर हमले होंगे। उन्हें इसके अलावा आईएस, अल-कायदा और हक्कानी नेटवर्क के आतंकवादी संगठनों और पाकिस्तान के कई आतंकवादी संगठनों के साथ मिलकर पश्चिमी देशों समेत भारत और अन्य देशों पर हमले करने का भी इनपुट मिला है। विदेशी मामलों पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि अफगानिस्तान में जिस हक्कानी नेटवर्क के कहने पर तालिबान ने अफगान की जेल से आतंकियों को छोड़ा था, वही लोग पूरी दुनिया में आतंक फैलाने का पूरा नेटवर्क बिछाने में लग गए हैं। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान से छोड़े गए आतंकवादी स्लीपर सेल में तब्दील हो चुके कई आतंकी संगठनों को दोबारा जिंदा करने की फिराक में हैं। इसके लिए अल-कायदा और आईएस के आतंकियों ने पाकिस्तान के कई छोटे बड़े आतंकी संगठनों से इस्लामिक मूवमेंट के नाम पर आतंक को बढ़ाने का सौदा करना शुरू कर दिया है।
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुए धमाकों के बाद और हमलों की आशंका जताई जा रही है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के जनरल फ्रेंक मैकेंजी ने खुफिया रिपोर्ट के आधार पर कहा है कि अमेरिका को एयरपोर्ट पर और हमले होने की आशंका है। विशेषज्ञों का कहना है जिस तरीके से तालिबान ने काबुल में हुए बम धमाकों से पल्ला झाड़ते हुए अपने दामन को पाक साफ करने की चाल चली है वह जगजाहिर हो चुकी है। क्योंकि जिस आईएस-खोरासान आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी ली है उसी आतंकी संगठन के कई बड़े आतंकवादी तालिबान की पनाहगाह में पाले पोसे जा रहे थे। पूरी दुनिया को पता है कि तालिबान हक्कानी नेटवर्क के इशारे पर ही काम कर रहा है।
हक्कानी नेटवर्क के आतंकी, तालिबान, आईएस, अल-कायदा और पाकिस्तान के लश्कर-ए-तैयबा जैसे कई आतंकी संगठन अफगानिस्तान के कबीलाई इलाकों में ही लगातार अपना शेल्टर बनाए हुए थे। इन कबीलाई इलाकों पर वर्षों से तालिबान का ही कब्जा है। रक्षा मामलों के विशेषज्ञों का कहना है कि तालिबान का यह कह देना कि हमला उनकी जानकारी में नहीं था यह सिर्फ खुद को धोखा देने जैसा ही है। क्योंकि पूरी दुनिया को इस बात का पता है कि अफगानिस्तान में होने वाला कत्लेआम बगैर तालिबान की मंजूरी के नहीं हो सकता। फिलहाल इस हमले के बाद दुनियाभर के सभी मुल्कों ने अपनी सुरक्षा के लिए एहतियातन कदम उठाने भी शुरू कर दिए हैं।