बिहार सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने आज सोमवार को अटल पार्क का नाम बदलकर कोकोनट पार्क कर दिया। जानकारी के अनुसार पहले इस पार्क का नाम कोकोनट पार्क ही हुआ करता था, 2018 में इसका नाम अटल पार्क कर दिया गया था। चूंकि, कोकोनट शब्द से किसी राजनीतिक दल की भावनाएं नहीं जुड़ीं थीं, इस नाम परिवर्तन पर कोई विवाद नहीं हुआ था। लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखे गए पार्क के नाम परिवर्तन पर जबरदस्त विवाद हो गया है।
ध्यान देने की बात है कि 16 अगस्त को तेज प्रताप यादव ने अपने ट्विटर हैंडल से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि पर उनको श्रद्धांजलि भी दी थी, लेकिन एक सप्ताह के अंदर ही उन्होंने अटल पार्क का नाम बदल दिया है। इससे बिहार की राजनीति गरमा गई है।
श्रद्धांजलि का दिखावा और असलियत में फर्क
भारतीय जनता पार्टी के नेता जयराम विप्लव ने अमर उजाला से कहा कि चंद दिन पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की समाधि पर जाकर श्रद्धांजलि दी थी। तब उन्होंने इसे पूर्व प्रधानमंत्री का सम्मान बताया था। उन्होंने यह भी बताया था कि अटल जी उन्हें कितना सम्मान देते थे। लेकिन अब उन्हीं की सरकार के एक मंत्री ने अटल बिहारी वाजपेई जी के नाम पर बने पार्क का नाम बदल दिया है। उन्होंने कहा कि यह सीधे-सीधे अटल बिहारी वाजपेई का अपमान है। बिहार की जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। नीतीश कुमार को भी बताना चाहिए कि नाम बदलने पर उनका असली पक्ष क्या है।