फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assam Rain-Flood: असम में लगातार तीसरे दिन मूसलाधार बारिश, भूस्खलन में दो बच्चों की मौत, जनजीवन प्रभावित

Thu, 16 Jun 2022 10:32 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुवाहाटी

सार

ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि मानस नदी कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गुवाहाटी में अनिल नगर, नबीन नगाए, जू रोड, सिक्स माइल, नूनमती, भूतनाथ, मालीगांव जैसे इलाकों में लगातार तीसरे दिन भी जलभराव जारी रहने से गुवाहाटी में जनजीवन ठप हो गया है।
विज्ञापन
असम में बाढ़ से कई इलाके डूब गए। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

असम में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश हुई। यहां बुधवार को भूस्खलन की वजह से दो और लोगों की मौत दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि बाढ़ की स्थिति बदतर होती जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि ग्वालपारा जिले के आजाद नगर इलाके में भूस्खलन के कारण एक मकान गिरने से दो बच्चों की कुचलकर मौत हो गई, जिससे इस साल असम में बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हो गई। 

विज्ञापन


मृतक बच्चों की पहचान 11 वर्षीय हुसैन अली और आठ वर्षीय अस्मा खातून के रूप में हुई है। गुवाहाटी में नूनमती इलाके में दिनभर हुए भूस्खलन के कारण तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। खारगुली क्षेत्र के जॉयपुर, बोंडा कॉलोनी, दक्षिण सरानिया, गीतानगर के अमायापुर और 12 माइल समेत कईं इलाकों में मलबे के कारण सड़क पर जाम लग गया।

18 जिलों में बाढ़ से करीब 75 हजार लोग प्रभावित
अधिकारियों ने बताया कि निजारापार की ओर जाने वाली सड़क को साफ करने का कार्य किया जा रहा है, जहां भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका का घर है। राजभवन के पास मूसलाधार बारिश से दो बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों के अनुसार, राज्य के कम से कम 18 जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है, कामरूप मेट्रो, कामरूप, नलबाड़ी और बारपेटा से ताजा क्षेत्रों में बाढ़ की सूचना है। 18 जिलों में बाढ़ से करीब 75 हजार लोग प्रभावित हुए हैं।
विज्ञापन


नदियों का जलस्तर बढ़ रहा
ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि मानस नदी कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। गुवाहाटी में अनिल नगर, नबीन नगाए, जू रोड, सिक्स माइल, नूनमती, भूतनाथ, मालीगांव जैसे इलाकों में लगातार तीसरे दिन भी जलभराव जारी रहने से गुवाहाटी में जनजीवन ठप हो गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर के बाहर नहीं आने की अपील की है।

असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने असम और मेघालय में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है। असम के निचले जिलों के उपायुक्तों ने भी शैक्षणिक संस्थानों को शनिवार तक कक्षाएं स्थगित करने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम केंद्र ने मंगलवार से गुरुवार तक असम और मेघालय के लिए 'रेड अलर्ट' और शुक्रवार और शनिवार को 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

13 तटबंध टूटे, 64 सड़कें क्षतिग्रस्त
जिला अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की सहायता के लिए सात शिविर और नौ राहत वितरण केंद्र खोले हैं। कुल 1,224 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है और अकेले कामरूप महानगर में 677 लोग रह रहे हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, भारी बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 13 तटबंध टूट गए, 64 सड़कें और एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया।

असम के 5वें जिले में निषेधाज्ञा लागू
देशभर में पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच अधिकारियों ने गुरुवार को पूरे सोनितपुर जिले में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी। यह राज्य का पांचवां जिला है जहां कछार, करीमगंज, हैलाकांडी और कामरूप के बाद आदेश लागू किए गए। सोनितपुर के जिलाधिकारी देबा कुमार मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें