सरमा ने कहा, "जब कोई कानून तोड़ेगा तो निश्चित तौर पर समन जारी किया जाएगा। राहुल गांधी को समन जारी किया जाएगा और उन्हें लोकसभा चुनाव के बाद यहां खुद पेश होना होगा।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन सिकदार और असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन कुमार बोरा को जारी किया गया समन प्रक्रिया की शुरुआत भर है।
मुख्यमंत्री गुवाहाटी पुलिस की ओर से दर्ज एक मामले का जिक्र कर रहे थे। जिसमें पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जनवरी में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के शहर के अंदर मुख्य सड़कों से गुजरने के दौरान बैरिकेड तोड़ने का आरोप लगाया है।
सिकदार और पार्टी के गुवाहाटी शहर के महासचिव रमन कुमार सरमा को शुरुआती समन जारी किए गए थे। पुलिस दोनों से पहले ही पूछताछ कर चुकी है। बाद में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया और भूपेन कुमार बोरा को भी समन जारी किया गया था। हालांकि दोनों निर्धारित तारीख पर पेश नहीं हुए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, हमने दोनों को दूसरी बार नोटिस जारी किया है। सैकिया को 6 मार्च और बोरा को 7 मार्च को हमारे सामने पेश होने के लिए कहा गया है।