असम में वोटरों को जागरूक करने के लिए राज्य के कछार जिले में आठ किलोमीटर लंबी रंगोली बनाई गई। यह वोटरों के लिए बनाई गए सबसे लंबी रंगोली है। इसे इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। स्ट्रीट आर्ट श्रेणी में यह विश्व की सबसे बड़ी रंगोली हो सकती है।
रंगोली बनाने की प्रक्रिया शनिवार शाम पांच बजे शुरू हुई थी, जो 24 घंटे चली। यह रविवार शाम पांच बजे पूरी हुई। इसकी निगरानी इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड की ओर से की गई। कंपनी के अधिकारी जितेंद्र कुमार जैन के अनुसार उनकी टीम ने इसका निरीक्षण करने के बाद देश की सबसे लंबी स्ट्रीट रंगोली घोषित की।
जैन के अनुसार देश में यह इस तरह की पहली व अनूठी पहल थी। वोटरों को जागरूक करने के लिए ऐसी पहल कहीं देखने को नहीं मिली। उन्होंने कहा कि इस बात की भी संभावना है कि यह विश्व की सबसे बड़ी स्ट्रीट रंगोली हो। इसके स्ट्रीट आर्ट श्रेणी में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने की पड़ताल जारी है। यदि जांच में ऐसा पाया गया तो इसे निश्चित रूप से वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया जाएगा।