अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के उद्धाटन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। राम नगरी को सजा लिया गया है। ऐसे में, 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर उत्साह से भरे हुए हैं। उन्होंने राज्य में कल ड्राई डे घोषित कर दिया है। इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जमकर हमला बोला।
यह भारतीय सभ्यता की जीत
सीएम सरमा ने कहा, 'यह भारतीय सभ्यता की जीत है। मैं असम के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देता हूं। कल शाम चार बजे तक मीट, मछली की दुकानें और बाजार बंद रहेंगे। कल शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। राज्य में कल ड्राई डे रहेगा। रेस्तरां भी इस दिशा का पालन करेंगे। कोई भी रेस्तरां दोपहर दो बजे तक मांसाहारी भोजन नहीं परोसेगा। जबकि मांस या मछली की दुकानें शाम चार बजे से पहले नहीं खुल सकती हैं। हालांकि, शाम चार बजे के बाद, वे अपना व्यवसाय कर सकते हैं।'
राहुल गांधी से अपील
इतना ही नहीं, उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि वह कल राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पूरी होने के बाद बटद्रव्य सत्र आएं। उन्होंने कहा, 'मैं राहुल गांधी से अनुरोध करना चाहता हूं कि वह कल प्राण प्रतिष्ठा के बाद बटद्रव्य सत्र आएं।'
सरमा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 22 जनवरी को बटद्रव में श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान की यात्रा करने से बचना चाहिए, क्योंकि भगवान राम और मध्ययुगीन वैष्णव संत के बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं हो सकती है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा द्वारा लिए जाने वाले अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों के संवेदनशील मार्गों पर कमांडो तैनात किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'हम राहुल गांधी से अनुरोध करेंगे कि वह राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान सोमवार को बटद्रव नहीं जाएं क्योंकि यह असम को गलत रोशनी में दर्शाएगा। वह अनावश्यक प्रतिस्पर्धा पैदा किए बिना प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद जा सकते हैं।'
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार के लिए कांग्रेस ने मोरीगांव, जागीरोड और नेल्ली के संवेदनशील इलाकों से होकर जाने वाले मार्ग को चुना, जिससे बचा जा सकता था। उन्होंने कहा, 'ये क्षेत्र संवेदनशील हैं और मैं कानून व्यवस्था की किसी भी तरह की स्थिति से इनकार नहीं कर सकता और ऐसे में कमांडो अल्पसंख्यक बहुल इलाकों के संवेदनशील मार्गों पर तैनात किए जाएंगे, जिन पर 22 जनवरी को राहुल गांधी की यात्रा होगी।'
सरमा ने कहा कि जिला आयुक्तों और इन क्षेत्रों के पुलिस अधीक्षकों को गश्त बढ़ाने और कड़ी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
मेरे बच्चे से भी डरते हैं..
गुवाहाटी में सरमा ने कहा, 'राहुल गांधी पहले तो मुझसे डरते थे, अब मेरे बच्चे से भी डरना शुरू कर दिया है।'
ये रहेंगे बंद
उन्होंने आगे कहा, 'सरकारी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय सहित सभी शैक्षणिक संस्थान कल पूरे दिन के लिए बंद रहेंगे। मैं निजी शिक्षण संस्थानों से भी कल बंद रहने की अपील करता हूं। विधायकों सहित असम के लोगों ने मंदिरों, मस्जिदों, चर्चों सहित कई धार्मिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया है।'
कल दोपहर के बाद यात्रा शुरू होगी
अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को कल असम में बटद्रवथान में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। थान प्रबंधन समिति का कहना है, 'कल राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा है और थान में कई श्रद्धालु आएंगे। इसके अलावा थान परिसर के बाहर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जहां हजारों श्रद्धालु जुटेंगे। इसी वजह से राहुल गांधी का यात्रा कार्यक्रम दोपहर तीन बजे के बाद होगा।'