दरअसल, टेलीविजन कंपनी टेलीविस्ता (TELEVISTA) के मालिक अरुण कुमार शर्मा दिल्ली के कैलाश कालोनी में शिफ्ट होने से पहले गुरुग्राम में रहा करते थे। वहां पर एक डॉक्टर रिषी राजपाल सिंह चौहान से उनकी अच्छी दोस्ती थी। दोनों दोस्तों ने प्रॉपर्टी के बढ़ते बाजार में भी पैसा लगाया और खूब कमाई की। लेकिन बाद में किसी आपसी विवाद के कारण दोनों के रास्ते अलग हो गए। लेकिन रिषी राजपाल सिंह चौहान जिस प्लॉट पर रहते थे, उस प्लॉट की जीपीए अरुण कुमार शर्मा के नाम पर थी। वे उस जमीन को वापस पाना चाहते थे। लेकिन डॉक्टर उसे खाली नहीं करना चाहते थे।
दोस्तों के बीच प्रॉपर्टी को लेकर शुरू हुआ विवाद अदालती कार्रवाई तक पहुंच गया। लेकिन दस्तावेज मजबूत होने के कारण सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए पिछले सितंबर महीने में जमीन पर अरुण कुमार शर्मा के हक में फैसला सुनाया था। इस फैसले के बाद 15 नवंबर को गुरुग्राम की एक अदालत को सुप्रीम कोर्ट के इस ऑर्डर की तामील का आदेश देना था। माना जाता है कि कोर्ट इस दिन डॉक्टर को प्लॉट खाली करने का आदेश दे सकती थी। यही कारण है कि डॉक्टर ने अपने बेटे के साथ मिलकर अरुण कुमार शर्मा को गुरुग्रााम कोर्ट तक न पहुंचने देने का प्लान बनाया।
पुलिस के मुताबिक डॉक्टर रिषी राजपाल सिंह चौहान सुप्रीम कोर्ट में हुई अपनी हार के बाद बौखला गया था। वह किसी भी तरह जमीन पर कब्जा छोड़ना नहीं चाहता था क्योंकि इसी प्लॉट पर उसका क्लीनिक चलता था। वह एक गर्ल्स हॉस्टल भी चलाता था। उसने अपनी यह परेशानी अपने एक दोस्त से साझा की। दोस्त ने अपने बेटे अमित विक्रम छाबड़ा से डॉक्टर से बात करने के लिए कहा। डॉक्टर और विक्रम छाबरा ने मिलकर अरुण कुमार शर्मा को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। इसके लिए 25 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
दरअसल, अरुण कुमार शर्मा कैलाश कोलोनी से मेट्रो से जाकर एमजी रोड अपने एक वकील से मिलने वाले थे। वहां से दोनों कार के जरिए कोर्ट पहुंचने वाले थे। लेकिन अरुण कुमार शर्मा एमजी रोड नहीं पहुंचे। शाम तक वे घर भी नहीं पहुंचे, जिसके बाद उनकी बहन ने पुलिस में शिकायत कर दी थी। उन्होंने पुलिस के सामने इस प्रापर्टी विवाद की जानकारी दे दी थी। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर के ऊपर शिकंजा कसना शुरु कर दिया। बाद में डॉक्टर ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। कैलाश कालोनी से भी सीसीटीवी में कार और आरोपियों की पहचान हो गई। पुलिस ने घटना में शामिल महिंद्रा स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।