रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन चार महिलाओं ने खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। जिन चार महिला खिलाड़ियों की हवलदार के रूप में सीधी भर्ती हुई है, उनमें साक्षी, अरुंधती चौधरी, भटेरी और प्रियंका शामिल हैं।
सेना ने अपने 'मिशन ओलंपिक' कार्यक्रम के तहत चार मेधावी खिलाड़ियों की सीधी भर्ती की है। इन महिला खिलाड़ियों को सैन्य पुलिस कोर में हवलदार के रूप में भर्ती किया गया है, जिससे 'नारी शक्ति' को बढ़ावा देने के प्रयासों को गति मिल रही है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन चार महिलाओं ने खेल के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। जिन चार महिला खिलाड़ियों की हवलदार के रूप में सीधी भर्ती हुई है, उनमें साक्षी (बॉक्सिंग), अरुंधती चौधरी (बॉक्सिंग), भटेरी (कुश्ती) और प्रियंका (कुश्ती) शामिल हैं।
इन चारों खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग और कुश्ती में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में महिला वर्ग में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व करने के लिए अग्रणी बनकर इतिहास रच दिया है। ये महिला खिलाड़ी भोपाल में 6वीं एलीट महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप, 2022 (19 से 26 दिसंबर 2022) और विशाखापत्तनम में सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप (21 से 23 दिसंबर 2022) में भाग ले रही हैं।
विज्ञापन
बयान में कहा गया है, नारी शक्ति को बढ़ावा देने के भारतीय सेना के प्रयासों को गति देते हुए मिशन ओलंपिक कार्यक्रम के तहत चार मेधावी महिलाओं को सैन्य पुलिस कोर में सीधे हवलदार के रूप में भर्ती किया गया है।
सेना में खेल कर्मियों को बढ़ावा देने और उनका समर्थन करने की एक शानदार लंबी परंपरा रही है। मिशन ओलंपिक नाम अच्छी तरह से संरचित कार्यक्रम चलाती है। पिछले वर्ष चार सौ मीटर एथलेटिक्स में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी सुमी और बॉक्सिंग में राष्ट्रमंडल खेलों 2022 की कांस्य पदक विजेता जैस्मी लैम्बोरिया को सेना द्वारा भर्ती किया गया था।