भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद तरुण विजय को सोशल मीडिया पर अपनी ही पार्टी के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। दरअसल मंगलवार देर रात उनके ट्विटर अकाउंट से पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई ट्वीट्स लगातार आये। बाद में उन्होने ना सिर्फ वो सारे ट्वीट्स डिलीट किए बल्कि जानकारी दी कि उनके अकाउंट को हैक कर लिया गया था।
सबसे पहले तरुण विजय के अकाउंट से ट्वीट आया जिसमें उन्होने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा का समर्थन किया । ट्वीट में लिखा कि जो लोग राहुल गांधी की कैलाश यात्रा का मज़ाक उड़ा रहे हैं, ऐसा एक हिंदू को नहीं करना चाहिए, ये जो भी है राहुल और शिव के बीच में है, शिव से बड़ा कुछ भी नहीं है। मैं खुद तीन बार कैलाश जा चुका हूं और कैलाश मानसरोवर यात्री संघ का अध्यक्ष रह चुका हूं।
थोड़ी देर में दूसरा ट्वीट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर हुआ जिसमें कहा गया कि हैलो, तुम इसलिए वहां पर नहीं हो क्योंकि तुम लोकप्रिय हो, तुम इसलिए वहां हो क्योंकि लोग तुम्हारे पीछे हैं। अपने घमंड को दूर करो हे भगवान, तुम्हें ऐसा लगता है कि तुम लोकप्रिय हो?
राहुल गांधी के पक्ष में और प्रधानमंत्री के विरोध में सभी ट्वीट के बाद तरुण विजय को भाजपा समर्थक सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल करने लगे। जिसके बाद उन्होंने ट्वीट किया कि मैं अभी मॉर्निंग वॉक पर हूं, और जो व्यक्ति मेरा ट्विटर अकाउंट हैंडल करता था, उसे मैंने उसे निष्कासित कर दिया है।
गौरतलब है कि तरुण विजय लेखक और पत्रकार भी हैं जो 2010 से 2016 तक वह उत्तराखंड से राज्यसभा के सांसद थे। पत्रकारिता के सफर में तरुण विजय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखबार पाञ्चजन्य के एडिटर भी रह चुके हैं।