हैदराबाद में एक नाबालिग लड़की के साथ मर्सिडीस कार में सामूहिक दुष्कर्म के मामले दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक इनोवा गाड़ी भी जब्त की गई है। तेलंगाना प्रदेश भाजपा ने मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
सलाउद्दीन नाम के एक आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था, जबकि दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। हैदराबाद पश्चिमी जोन के डीसीपी लोएल डेविक के अनुसार इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ पॉस्को (POCSO)अधिनियम की धारा 354, 323 और धारा 9 आर/डब्ल्यू 10 तथा भादंवि की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है मलिक की गिरफ्तारी के बाद जुबली हिल्स पुलिस ने आज दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंडी ने सीएम को लिखा पत्र
उधर, तेलंगाना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंडी संजय ने सीएम के चंद्रशेखर राव को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। उधर, जनसेना पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जुबली हिल्स पुलिस थाने के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं को बाद में हिरासत में ले लिया गया। इन्हें गोशामहल पुलिस मुख्यालय में स्थानांतरित कर दिया गया।
कुछ लड़कों ने 17 वर्षीय पीड़िता को चलती कार में जबरन खींच लिया था
पुलिस सूत्रों की मानें तो इस मामले में स्थानीय विधायक का पुत्र भी शामिल है। उसके अलावा एक नाबालिग समेत चार अन्य लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पीड़िता के परिजन ओर से एक जून को दी गई शिकायत में बताया गया कि जुबली हिल्स थाना क्षेत्र में बीते 28 मई को यह हैवानियत हुई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी और शुक्रवार 3 जून को इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। शिकायत में बताया गया था कि कुछ लड़कों ने 17 वर्षीय पीड़िता को चलती कार में जबरन खींच लिया था और उसके साथ छेड़खानी के बाद सामूहिक दुष्कर्म किया।