आंध्र प्रदेश में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि विशाखापत्तनम में वंदे भारत ट्रेन पर पथराव किया गया है। ट्रेन को 15 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाने वाले हैं। हादसा मेंटेनेंस के दौरान हुआ। डीआरएम के मुताबिक, विशाखापत्तनम के कांचरापलेम के पास वंदे भारत एक्सप्रेस के एक कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की जांच चल रही है।
कुछ संदिग्धों की पहचान की गई
मंडल रेल प्रबंधक अनूप कुमार सत्पथी ने बताया कि शाम 6:30 बजे विशाखापत्तनम में वंदे भारत ट्रेन पर किसी ने पथराव किया। घटना में दो खिड़की के शीशे पूरी तरह से टूट गए और उन्हें बदलने की जरूरत है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि हमने कुछ संदिग्धों की पहचान की है। आरपीएफ उन पर नजर बनाए हुए है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया
स्थानीय एसीपी एएन मूर्ति के मुताबिक, विशाखापत्तनम पुलिस ने बुधवार रात हुई इस घटना के सिलसिले में तीन युवकों को हिरासत में लिया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कंचारपालेम में कोच परिसर के पास खेल रहे कुछ युवाओं ने बुधवार रात कथित तौर पर शरारत में ट्रेन के एक डिब्बे पर पथराव किया, जिससे उसकी खिड़की का शीशा टूट गया। विशाखापत्तनम पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इलाके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन सिकंदराबाद और विशाखापत्तनम के बीच चलाई जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इसे 15 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाई जानी है। विशाखापत्तनम में रेक को कंचारपालेम स्थित नए कोच परिसर में ले जाया गया था, जहां यह घटना हुई। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।