सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया
आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को घायल लोगों को सहायता प्रदान करने का आदेश दिया। आंध्र प्रदेश CMO के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने तत्काल राहत उपाय करने और विजयनगरम के निकटतम जिलों विशाखापत्तनम और अनाकापल्ली से अधिक से अधिक एम्बुलेंस भेजने और अच्छी चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए आसपास के अस्पतालों में उचित व्यवस्था करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने पुलिस और राजस्व सहित अन्य विभागों के समन्वय के आदेश जारी किए हैं, जिससे घायलों को शीघ्र चिकित्सा सेवाएं मिलें।
बढ़ सकती है मृतकों की संख्या
पूर्वी तटीय रेलवे क्षेत्र के एक अधिकारी ने बताया कि विशाखापत्तनम-पलासा पैसेंजर (ट्रेन संख्या 08532), विशाखापत्तनम-रायगढ़ा पैसेंजर (ट्रेन संख्या 08504) से टकरा गई। इस घटना में कम से कम 20 लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि ऐसी आशंका है कि दुर्घटना में कुछ मौतें भी हुई हैं। अभी आठ लोगों की मौत की बात सामने आई है और यह संख्या बढ़ भी सकती है।
रेल मंत्रालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए
बचाव कार्य जोरों पर
मंडल रेल प्रबंधक सौरभ प्रसाद घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य जोरों पर है। स्थानीय प्रशासन और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को सूचना दे दी गई है। एम्बुलेंस और दुर्घटना राहत रेलगाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। रेल मंत्रालय ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
आंध्र प्रदेश ट्रेन दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई है। विजयनगरम जिला प्रशासन ने बताया कि इसमें अब तक 40 लोग घायल हुए हैं। जिनमें से 32 को विजयनगरम सरकारी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, विशाखा एनआरआई हॉस्पिटल में एक घायल को, मेडिकवर हॉस्पिटल में 2 को भर्ती कराया गया है। चार लोगों की हालत गंभीर है। सभी घायल आंध्र प्रदेश के हैं।