आंध्र प्रदेश में बाढ़ के कहर से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है, हाल ये है कि लगातार बारिश के बाद लोगों के घर जलमग्न हो गए हैं। वहीं बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए राज्य में मानवीय सहायता और आपदा राहत प्रयासों को बढ़ाने के लिए विशाखापत्तनम में पूर्वी नौसेना कमान से भारतीय नौसेना के विमान, बाढ़ राहत दल और गोताखोरी दल तैनात किए गए हैं।
बचाव के लिए 10 बाढ़ राहत दल भी तैनात
वहीं राज्य में प्रभावित इलाकों में खोज और बचाव कार्य करने के लिए चार हेलीकॉप्टर (2 ALH और 2 चेतक) और एक डोर्नियर विमान तैनात किए गए हैं। अब तक 22 फंसे हुए कर्मियों को बचाया गया है और फंसे हुए व्यक्तियों के लिए 1000 किलोग्राम से अधिक भोजन हवाई जहाज से गिराया गया है। बचाव प्रयासों को बढ़ाने के लिए 10 बाढ़ राहत दल भी तैनात किए गए हैं। जबकि जरूरी मदद पहुंचाने के लिए अतिरिक्त नौसेना की संपत्ति और संबंधित गियर के साथ बचाव दल को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
चेतक हेलीकॉप्टरों के साथ 6 MI-17 हेलीकॉप्टर तैनात
इस कड़ी में आंध्र प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री गिराने के लिए भारतीय वायुसेना के दो चेतक हेलीकॉप्टरों के साथ 6 एमआई-17 हेलीकॉप्टरों को तैनात किया गया है। वायुसेना अधिकारी के अनुसार राज्य के एनटीआर जिले में 50,000 किलोग्राम राहत सामग्री गिराई गई है।
सीएम नायडू ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
वहीं राज्य में बाढ़ की स्थिति पर आंध्र प्रदेश के नगर निगम मंत्री नारायण ने कहा, जल स्तर घट रहा है। आज दोपहर हमने 8.5 लाख पैकेट भोजन की आपूर्ति की। लोग दूध मांग रहे हैं, और आज शाम हम 10 लाख पैकेट दूध की आपूर्ति करेंगे और इसी तरह कल सुबह भी 10 लाख पैकेट दूध उपलब्ध कराया जाएगा। अगला चरण स्वच्छता का है। नगर निगम ने 10,000 सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की है क्योंकि हमें सड़कें साफ करनी हैं, फिलहाल 30 ड्रोन से सभी इलाकों में नजर रखी जा रही है।
तेलंगाना के खम्मम और महबूबाबाद में भारी नुकसान
उधर तेलंगाना में भी बाढ़ के स्थिति की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, बाढ़ के कारण तेलंगाना के खम्मम और महबूबाबाद इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। लोगों के घरों में पानी घुस गया है, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना के सीएम से बात की और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी प्रदान कर रहे हैं, राज्य सरकार की तरफ से केंद्र सरकार को रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद केंद्र सरकार के अधिकारी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए पहुंचेंगे।