अनिक्षा पर दस करोड़ की रंगदारी मांगने का भी आरोप है। पुलिस ने पिछली रिमांड खत्म होने के बाद अनिक्षा को सत्र अदालत के न्यायाधीश डीडी अलमाले के समक्ष पेश किया।
महाराष्ट्र की एक अदालत ने डिजाइनर अनिक्षा जयसिंघानी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अनिक्षा को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता को धमकी और रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी हिरासत को बढ़ाने के लिए याचिका दाखिल की थी। अमृता फडणवीस ने 20 फरवरी को मालाबार हिल पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 16 मार्च को शहर पुलिस के द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
अनिक्षा पर दस करोड़ की रंगदारी मांगने का भी आरोप है। पुलिस ने पिछली रिमांड खत्म होने के बाद अनिक्षा को सत्र अदालत के न्यायाधीश डीडी अलमाले के समक्ष पेश किया। पुलिस की ओर से पेश हुए विशेष लोक अभियोजक अजय मिसर ने एक गवाह से उसका सामना कराने के लिए उसे तीन और दिन की हिरासत में भेजने की मांग की। अनीक्षा के वकील मनन ने कहा कि पुलिस रिमांड बढ़ाने के लिए कोई नया आधार नहीं बनाया गया है।
अदालत ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद जांचकर्ताओं की याचिका खारिज कर दी और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में उसके पिता और संदिग्ध सट्टेबाज अनिल जयसिंघानी और उनके रिश्तेदार निर्मल जयसिंघानी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों 27 मार्च तक पुलिस हिरासत में हैं। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की साजिश और जबरन वसूली की धाराओं और भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर के अनुसार, अनिक्षा पिछले 16 महीनों से अमृता के संपर्क में थी और उसके घर भी गई थी। पुलिस को दिए अपने बयान में अमृता ने कहा कि वह पहली बार नवंबर 2021 में अनिक्षा से मिली थी। पुलिस ने बताया कि अनिक्षा ने दावा किया कि वह कपड़े, आभूषण और जूते की डिजाइनर है और उसने भाजपा नेता की पत्नी से सार्वजनिक कार्यक्रमों में इन्हें पहनने का अनुरोध करते हुए कहा कि इससे उन्हें उत्पादों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।