सार
तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं के मूल-मंत्र देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार देर शाम मदुरै पहुंचे, जहां वे आज तमिलनाडु भाजपा की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनके दौरे से 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारी को बल मिलेगा और कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को तमिलनाडु भाजपा इकाई की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की और राज्य की सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर "भारी भ्रष्टाचार" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की जनता डीएमके के भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है। अमित शाह आगामी वर्ष में होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा और चुनावी रणनीति तय करने के लिए मंदिर नगरी मदुरै पहुंचे थे।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "तमिलनाडु की जनता डीएमके सरकार के भारी भ्रष्टाचार से परेशान है। बीजेपी कार्यकर्ता मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए के समृद्ध और विकसित तमिलनाडु के विजन को हर गली, मोहल्ले और घर-घर तक पहुंचाएंगे। इससे पहले दिन में शाह ने मदुरै स्थित प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने पारंपरिक रीति से उनका स्वागत किया।
शाह ने 'एक्स' पर एक और पोस्ट में लिखा, आज मदुरै के प्रतिष्ठित मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा अर्पित करने का सौभाग्य मिला। राष्ट्र की निरंतर प्रगति और नागरिकों की भलाई के लिए मां से आशीर्वाद मांगा। बाद में आदिीनम प्रमुख ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने गृह मंत्री से कच्चतीवु द्वीप को वापस लाने और मछुआरों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने श्रीलंकाई तमिलों के कल्याण की भी मांग की।