दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट कप्तान फाफ डू प्लेसी ने बुधवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा था कि दिग्गज बल्लेबाज एबी डीविलियर्स शायद ही अब टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे। डू प्लेसी ने आगे कहा था कि दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट को इस बात का ध्यान रखते हुए जल्द से जल्द डीविलियर्स के विकल्प की तलाश करना चाहिए।
हाल ही में फाफ डू प्लेसी की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड के खिलाफ 1-3 से टेस्ट सीरीज गवांई। हालांकि इस पर प्रोटियाज कप्तान ने कहा था कि हमें अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देना जरुरी है। एबी डीविलियर्स की वापसी के बावजूद भी टीम की परेशानी खत्म नहीं होगी क्योंकि सभी बल्लेबाजों को अपनी कमजोरी सुधारने पर ध्यान देना होगा।
इसी विषय पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में अपने पाठकों से सवाल पूछा था 'क्या एबी डीविलियर्स जैसे नामी क्रिकेटरों का टेस्ट क्रिकेट से दूर होना इस फॉरमेट के भविष्य के लिए चिंता का विषय है?'
पोल के जवाब में हमें कुल 6,595 वोट मिले। इनमें 68.4 फीसदी (4,511 वोट) पाठकों ने हां में सहमति देते हुए कहा कि एबी डीविलियर्स जैसे नामी क्रिकेटरों का टेस्ट क्रिकेट से दूर होना इस फॉरमेट के भविष्य के लिए चिंता का विषय है, जबकि 27.76 फीसदी (1,811वोट) पाठकों ने सवाल के जवाब में असहमति जताते हुए कहा कि एबी डीविलियर्स जैसे नामी क्रिकेटरों का टेस्ट क्रिकेट से दूर होना इस फॉरमेट के भविष्य के लिए चिंता का विषय नहीं है। वहीं 3.84 फीसदी (253 वोट) पाठकों ने इस मुद्दे पर कोई राय जाहिर करने में असमर्थता जताई।