पार्टी सिंबल की तुलना शिवजी, गुरुनानक, बुद्ध और महावीर की हस्तमुद्रा से करके सभी धर्मों के लोगों से सहानुभूति तलाश रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को झटका लग सकता है। दरअसल, ज्यादातर लोग राहुल की बात से इत्तेफाक नहीं रखते हैं। हाल ही में राहुल गांधी ने पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा था कि उन्हें कांग्रेस का सिंबल शिवजी, गुरुनानक, बुद्ध, महावीर की तस्वीरों में दिखाई देता है। राहुल ने कहा था कि इसका मतलब है कि सभी धर्मों के लोग मोदी सरकार की नीतियों और फैसलों से डरें नहीं, कांग्रेस उनके साथ है।
अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल कराकर राहुल गांधी की सिंबल वाली बात पर पाठकों से राय लेनी चाही। पोल में पाठकों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। सबसे ज्यादा 80.17 फीसदी (7634) पाठकों ने कहा कि राहुल का भगवान और महापुरुषों की हस्तमुद्राओं से कांग्रेस के सिंबल की तुलना करना सही नहीं है। महज 17.82 फीसदी (1697) पाठकों ने राहुल की बात का साथ दिया और कांग्रेस के सिंबल की तुलना को सही ठहराया।
2.01 फीसदी (191) पाठकों इस सवाल का जवाब देने की असमर्थता जताई, उन्होंने 'कह नहीं सकते' का विकल्प चुना। कुल 9522 पाठकों ने पोल में हिस्सा लिया।