मोती लाल नेहरू मेडिकल (एमएलएनएम) कॉलेज में रैगिंग का मामला सामने आया है। 55वें बैच के छात्र ने इसकी शिकायत सीधे प्रधानमंत्री से की है।
मामला पीएम नरेंद्र मोदी के संज्ञान में आने पर प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी जांच के आदेश हो गए हैं। मामले को प्रदेश सरकार के चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेजा गया है। विभाग ने कॉलेज प्रशासन से स्पष्टीकरण मांगा है।
इस घटना से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सोमवार को इसको लेकर कॉलेज के कुछ एमबीबीएस छात्रों से पूछताछ भी की गई। हालांकि कॉलेज के जिम्मेदार अधिकारियों घटना को लेकर अपने होंठ सिल रखे हैं। वे मामले को रफा-दफा करने में लगे हैं।
विभाग के सूत्रों के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में पिछले वर्ष प्रवेश के बाद सीनियर छात्रों ने जूनियर छात्रों की रैगिंग की, जिसकी शिकायत 55वें बैच के छात्र ने सीधे पीएम से की। सूत्रों के मुताबिक पीएम को लिखे पत्र में छात्र ने सीनियर छात्रों पर आरोप लगाया है कि वे उनको बुलाकर उनकी रैगिंग करते हैं। कई आपत्तिजनक हरकतें करते हैं।