अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और विरोधियों पर जमकर बरसे। इन दिनों काफी गर्म चल रहे डिंपल यादव और बिजली के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने विरोधियों को करारा जवाब दिया है।
अखिलेश ने कहा, 'अगर भाभी अपने छोटे भाइयों से ये कह दें कि भइया को बता दूंगी, इसमें किसी को क्या तकलीफ है। इसके साथ ही अखिलेश ने इस मुद्ददे पर बसपा प्रमुख मायावती पर भी निशाना साधा और कहा कि अगर बुआ को तकलीफ है तो वे 1090 (पुलिस सहायता नंबर) मिलाकर देख लें।
वहीं, बीजेपी को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोग मुद्दा बदलते रहते हैं। पहले इन्होंने श्मशान और कब्रिस्तान का मुद्दा उठाया। इसके बाद रमजान और दिवाली में बिजली की सप्लाई को मुद्दा बना लिया। जब सरकार ने आंकड़े दे दिए तो कहने लगे बिजली नहीं आती। अखिलेश ने कहा जो लोग कहते हैं कि यूपी में बिजली नहीं आती, जरा तार पकड़कर बताएं कि बिजली आती है कि नहीं।
यूपी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर अखिलेश यादव ने कहा कि किसी ने प्रधानमंत्री जी को गुमराह कर दिया। तभी वे 100 नंबर की बात नहीं कर रहे। लगता है किसी ने उन्हें 100 नंबर के बारे में नहीं बताया। उन्होंने फिर कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री जी जब चाहें और जहां चाहें वे बहस करने के लिए तैयार हैं। यूपी में रोजगार के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पुरानी सरकारों के मुकाबले सपा सरकार में सबसे ज्यादा सरकारी नौकरी दी हैं।