शरद पवार और अजित पवार (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
एनसीपी के राष्ट्रीय अधिवेशन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके बाद पार्टी में अन्तर्कलह को लेकर अटकले लगाई जानें लगी हैं। दरअसल, वाकया दिल्ली में चल रहे एनसीपी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान का है। अधिवेशन के जरिए पार्टी अपनी जनता को अपनी एकता और एकजुटता दिखाना चाहती थी, लेकिन इसी दौरान पार्टी अध्यक्ष शरद पवार के भतीजे अजित पवार मंच छोड़कर चले गए। इसके बाद काफी देर तक उनका इंतजार किया गया, लेकिन अजित पवार नहीं लौटे। जब ये वाकया हुआ उस वक्त मंच पर खुद शरद पवार मौजूद थे। उनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, प्रफुल्ल पटेल और सुप्रिया सुले भी वहां थीं। इस पूरे सियासी घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है।
यह रही वजह
पार्टी सूत्रों ने इस पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। मिली जानकारी के मुताबिक, एनसीपी के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान मंच पर पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सम्मेलन के दौरान शरद पावर के बाद उनके भतीजे अजित पावर को कार्यकर्ताओं को संबोधित करना था, लेकिन उनसे पहले पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल को संबोधन के लिए बुला लिया गया। इसी से नाराज होकर भतीजे अजित मंच छोड़कर चले गए। हालांकि उन्हें मनाने की काफी कोशिशें की गईं लेकिन वे नहीं माने।
2019 से है रिश्ते में खटास
बता दें कि अजित पवार ने साल 2019 में महाराष्ट्र में हुए चुनाव के बाद मचे सियासी ड्रामे में देवेंद्र फडणवीस को समर्थन देकर महाराष्ट्र में भाजपा की सरकार बनवाई थी। तब देवेंद्र फडणवीस एक दिन सीएम रहे थे बाद में अदालत के हस्तक्षेप के बाद अगले दिन उनको इस्तीफा देना पड़ गया था। उस घटना में शरद पवार ने उद्धव ठाकरे का समर्थन किया था। तभी से एनसीपी के चाचा-भतीजे में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
कल दोबारा नियुक्त किया गया था अध्यक्ष
इससे एक दिन पहले महाराष्ट्र के 81 साल के दिग्गज नेता शरद पवार को फिर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के मुखिया बनाया गया था। वे अगले चार साल तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। महाराष्ट्र NCP के मुख्य प्रवक्ता महेश भारत तापसे ने यह जानकारी दी थी। इस बीच राकांपा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि शरद पवार पीएम पद के लिए इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने अतीत में भी ऐसा नहीं सोचा। वे वर्तमान में भी इसके बारे में नहीं सोच रहे हैं। राकांपा को राष्ट्रीय पहचान मिली है, हम आम चुनाव में भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से कोई मसला नहीं है, हम यूपीए के साथ काम कर चुके हैं।