इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 मैच में जम्मू-कश्मीर के ऑफ स्पिनर परवेज रसूल को शामिल किए जाने की खबर फैलते ही ट्विटर पर ट्रोलिंग की बाढ़ आ गई। ‘दंगल गर्ल’ जायरा वसीम की तरह परवेज भी ट्रोलबाजों के शिकार हो गए हैं।
रसूल को टीम में शामिल करने की खबर के बाद ही ट्विटर पर उन्हें शुभकामनाएं देने और ट्रोलिंग की बाढ़ लग गई। ट्रोलबाजों ने इसी बहाने कश्मीर के अलगाववादियों को भी निशाना बनाया। एक ने ‘दंगल’ गर्ल जायरा वसीम की याद ताजा करते हुए लिखा, ‘यह भी आप लोगों के मुंह पर वैसे ही थूकेगा, जैसे जायरा वसीम ने थूका। आप ऐसे लोगों पर गर्व करते हैं और ये लोग गिलानी की तरह आपको गाली देते हैं।’
एक अन्य ट्विटर अकाउंट से लिखा गया, ‘अब यह भी जायरा वसीम की तरह अलगाववादियों की बात सुनना शुरू कर देगा। उन्हीं की तरह ट्वीट करेगा और बयान देगा।’ एक ट्रोलबाज ने लिखा, ‘हम तो उन्हें अपना मानते हैं लेकिन आगे चलकर वह बोले कि वह कश्मीर का हीरो नहीं है तो...?’ एक और ट्वीट किया गया, ‘अब घाटी में रसूल का विरोध शुरू हो जाएगा, दंगल फिल्म के बाद।’
इंग्लैंड के खिलाफ 26 जनवरी से शुरू हो रही 3 मुकाबलों की टी-20 सीरीज में टीम इंडिया में शामिल किए गए रियासत के आलराउंडर परवेज रसूल ने कहा कि यह पूरी रियासत के लिए फख्र की बात है। उन्हें टीम इंडिया में जो मौका दिया गया है, इंशा अल्लाह वह बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब होंगे।