किस सीट से किसे उम्मीदवार बनाया
आप ने दिल्ली की सात लोकसभा सीट में से सिर्फ एक पर कांग्रेस को टिकट देने की पेशकश की है। लेकिन इसके साथ ही उसने अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि शेष छह सीटों पर वह चुनाव लड़ेगी। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक के बाद आप के संगठन महासचिव संदीप पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और दक्षिण गोवा से वेंजी विएगास और गुजरात के भरूच और भावनगर सीट से चैतर वसवा और उमेशभाई मकवाना को उम्मीदवार घोषित किया।
आप ने गुजरात में आठ सीट मांगीं
आप विधायक विएगास को दक्षिण गोवा से उम्मीदवार बनाया गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस के फ्रांसिस्को सरदिन्हा ने जीत हासिल की थी। पाठक ने कहा, गुजरात में पिछले विधानसभा चुनाव में अपने वोट शेयर के आधार पर पार्टी ने राज्य में लोकसभा की सभी आठ सीट अपने लिए मांगी हैं और 26 में से 18 सीट कांग्रेस के लिए छोड़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में लोकसभा की सभी 13 सीट पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' से मांग की कि चंड़ीगढ़, हरियाणा और अन्य राज्यों के बारे में तेजी से चर्चा होनी चाहिए।
'परिवारवाद नहीं, जीतने की क्षमता चाहिए'
पाठक ने दावा किया कि कांग्रेस भरूच से चुनाव लड़ने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए परिवारवाद नहीं, बल्कि जीतने की क्षमता होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस नेताओं ने भावनात्मक वजहों से भरूच सी पर दावा किया, क्योंकि 1984 में दिवंगत अहमद ने इसका प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने कहा, पटेल की बेटी इस सीट से चुनाव लड़ेगी। अगर हम भाजपा को हराना चाहते हैं तो हमें परिवारवाद से छुटकारा पाना होगा।