गुजरात के बड़े पाटीदार नेता के रूप में उभरे 28 वर्षीय हार्दिक पटेल ने 2 जून को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके पूर्व उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व व नीतियों को लेकर सवाल खड़े किए थे। इस मौके पर हार्दिक ने भाजपा की टोपी धारण की थी। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल व वरिष्ठ नेता नितिन पटेल ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई थी। इस साल दिसंबर में गुजरात विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए हार्दिक का पार्टी में शामिल होना भाजपा के लिए लाभकारी तो कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना गया। अब देखना होगा कि भाजपा आगामी चुनाव में उन्हें कितनी अहमियत देती है
पुराने वीडियो हो रहे वायरल
फिलहाल हार्दिक पटेल के भाजपा प्रवेश को गुजरात तक सीमित रखकर पार्टी ने संकेत दे दिया है कि वह उन्हें एकदम पहली पंक्ति के नेताओं में शुमार नहीं करने जा रही है। उधर, सोशल मीडिया में उनके पुराने वीडियो व भाषण भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें हार्दिक भाजपा, केंद्र सरकार व शीर्ष नेताओं को कोसते नजर आ रहे हैं।