दक्षिण भारत में बारिश कहर बनकर बरस रही है। केरल, तमिलनाडु, आंध्र, तेलंगाना समेत कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से बारिश की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त है। कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं तो हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
दक्षिण भारत इन दिनों मूसलाधार बारिश की चपेट में है। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश समेत तेलंगाना में पिछले कई दिनों से बारिश हो रही है। बारिश की वजह से लोगों को घरों से निकलना भी दूभर हो गया है। शुक्रवार को तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में भारी बारिश के बीच एक घर गिरने से चार बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।
विज्ञापन
कई जिलों में अलर्ट जारी
तमिलनाडु में पिछले एक सप्ताह से भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से जनजीवन ठप है। वहीं, पानी अधिक होने से यहां की नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु के कुछ जिलों में रेड, तो कुछ में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मछुआरों को समंदर में नहीं जाने की सलाह दी गई है। हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो जल्द ही लोगों को बारिश से राहत मिलेगी।