भारत की 74 कंपनियां जर्मनी में 10 खरब रुपये का सालाना कारोबार कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने वहां पर करीब 23,300 लोगों को रोजगार दिया हुआ है। जर्मनी में भारत के निवेश को लेकर एक हालिया रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। ‘जर्मनी में भारतीय निवेश : 2018’ की इस रिपोर्ट को भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने ईवाई और इंडो जर्मन चैंबर ऑफ कॉमर्स (सीआईआई) के साथ मिलकर तैयार किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक जर्मनी में भारतीय कंपनियां प्रमुख रूप से चार क्षेत्रों वाहन, धातु एवं धातु प्रसंस्करण, रसायन एवं फार्मास्यूटिकल्स तथा पेशेवर, वैज्ञानिकी एवं तकनीकी सेवा क्षेत्र में काम करती हैं। वहां भारतीय कंपनियों के कुल कारोबारी राजस्व में इन चार क्षेत्रों का योगदान करीब 95 फीसदी और रोजगार में हिस्सेदारी 89 फीसदी है।
वहां इन कंपनियों के कुल कारोबार में 74 फीसदी हिस्सा केवल 10 शीर्ष भारतीय कंपनियों का है। रिपोर्ट में कहा गया है कि जर्मनी में भारतीय कंपनियों की कुल 213 सहयोगी कंपनियां काम कर रही हैं। इनमें से करीब 74 सहयोगी कंपनियों का वार्षिक कारोबार 85 अरब रुपये से अधिक है। इन कंपनियों का कुल वार्षिक कारोबार करीब 10 खरब रुपये का रहा है।