प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री उज्जवला योजना ने शुक्रवार को एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। इस योजना का लाभ उठाने वाले लोगों की संख्या अब सात करोड़ के पार चले गई है। अब 87 फीसदी घरों तक एलपीजी गैस कनेक्शन पहुंच गया है।
इस योजना का उद्देश्य 2020 तक आठ करोड़ गरीब परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचाना रखा गया था। यानी सरकार अब अपने लक्ष्य के काफी करीब है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 7 करोड़ वें लाभार्थी को गैस कनेक्शन सौंपा। प्रधान ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर हमने सात करोड़ कनेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। योजना तय समय से चल रही है। हमने जो वादा किया वो पूरा किया। नामुमकिन अब मुमकिन है।"
उन्होंने कहा कि 1 मई, 2016 ने लांच हुई इस योजना ने 34 महीने के भीतर ही इतनी बड़ी उपलब्धी हासिल की है। उन्होंने कहा कि 2014 में एलपीजी कनेक्शन 55 फीसदी जनसंख्या के पास था जो अब 93 फीसदी जनसंख्या के पास है। 42 फीसदी गैस कनेक्शन अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों को मुफ्त दिया गया। इस योजना के तहत हर दिन 69,000 गरीबों को एलपीजी कनेक्शन दिया गया।